गब्बर मंत्री विज की सीधी बात, आंखें चेक कराए विपक्ष, निजी सुरक्षा सभी को कैसे दें
पानीपत में पहुंचे प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज। कहा एक साल कोरोना से जंग लड़ने में बीता। अब विकास की गति दोगुनी तेज होगी। बरोदा उपचुनाव जीतेंगे। विपक्ष को दी नसीहत- अपना चश्मा बदलें और डाक्टर से चेकअप कराएं।
पानीपत, जेएनएन - प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज पानीपत के स्काईलार्क में कुछ देर के लिए रुके। यहां विधायक, मेयर से लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं से मिले। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए विज ने अपने ही अंदाज में सवालों के जवाब दिए। जहां विपक्ष को जमकर सुनाया, वहीं ये भी कहा कि प्रदेश की ढाई करोड़ जनता को निजी तौर पर सुरक्षा कैसे दी जा सकती है।
भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा होने पर विज ने कहा कि ये साल कोरोना से लड़ने में निकल गया है। हमारी पूरी टीम ने बहादुरी से जंग लड़ी है। कोरोना को हराने में कामयाब हो रहे हैं। हमारा रिकवरी रेट 92 फीसद है। मेडिकल सिस्टम को दुरुस्त किया गया है।
अपराध पर लगा रहे अंकुश
अनिल विज ने कहा कि अपराध पर अंकुश लगा रहे हैं। जहां तक तुलना की बात है, पिछले वर्ष से अपराध घटा ही है। पुलिस टीम सक्रिय है। बल्लभगढ़ हत्याकांड में मुख्य आरोपित को दिन निकलने से पहले ही पकड़ लिया गया। पानीपत में तेजाब फेंकने की जो वारदात हुई है, उस पर पुलिस से बात हुई है। जल्द ही आरोपित पकड़ लिए जाएंगे।
जीतेंगे उपचुनाव
क्या कांग्रेस आगे चल रही है, इस सवाल पर विज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी बरोदा उपचुनाव में जीत दर्ज करेगी। बरोदा की जनता ने फैसला कर लिया है कि भाजपा के साथ ही जाएंगे। भाजपा ही विकास का वादा पूरा कर सकती है।
दोगुनी गति से होगा विकास
अनिल विज ने कहा कि कोरोना से जंग जीत रहे हैं। अब फोकस विकास पर होगा। विकास दोगुनी गति से होगा। विपक्ष कहता है कि एक साल लूट और झूठ का रहा, इस सवाल पर विज ने कहा कि विपक्ष अच्छे डाक्टर से आंखों की जांच करानी चाहिए। विपक्ष का चश्मा पुराना हो गया है।