कांग्रेस को झटका, पूर्व मंत्री निर्मल सिंह बनाएंगे अपनी पार्टी Panipat News
पार्टी से बागी होकर आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़े पूर्व मंत्री निर्मल सिंह ने कांग्रेस को झटका दिया है। जल्द वे नहीं पार्टी की घोषणा करेंगे।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। कांग्रेस सरकार में पूर्व राजस्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह ने अपनी पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर समर्थकों के साथ हुई बैठक के बाद यह निर्णय लिया। बता दें कि विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी से टिकट न मिलने पर निर्मल सिंह ने अंबाला शहर तो उनकी बेटी चित्रा सरवारा ने अंबाला छावनी से बतौर आजाद प्रत्याशी चुनाव लड़ा और अपनी अच्छी खासी उपस्थिति दर्ज करवाई थी। अंबाला शहर सीट से बतौर आजाद प्रत्याशी निर्मल सिंह ने 55944 वोट हासिल किए थे, जबकि अंबाला छावनी से चित्रा सरवारा ने 44406 वोट हासिल किए थे। उनके साथ कांग्रेस के कुछ और बागी नेता भी साथ आए हैं। निर्मल सिंह ने घोषणा की है कि फरवरी में पार्टी का नाम और निशान तय किया जाएगा और एक विशाल जनसभा की जाएगी।
रविवार को चौधरी निर्मल सिंह ने अपनी आगामी रणनीति बनने के लिए अपने छावनी स्थित आवास पर समर्थकों की मीटिंग बुलाई। उन्होंने कहा कि उनके साथ कांग्रेस के कई साथी उत्तरी हरियाणा के हितों की लड़ाई में उनके साथ खुलकर मोर्चा संभालने को तैयार बैठे हैं। अब यह तय है कि यहां किसी बाहरी नेता की चौधर नहीं चलने दी जाएगी। क्योंकि अब से पहले बाहरी नेताओं अरविंद शर्मा, नवीन जिंदल, विनोद शर्मा और कुमारी सैलजा उत्तरी हरियाणा का इस्तेमाल किया है। 2019 के चुनाव में हरियाणा की जनता भाजपा से सत्ता छीनकर कांग्रेस को देना चाहती थी लेकिन उत्तरी हरियाणा के साथ की गई अनदेखी के चलते यहां की 27 सीटें भाजपा के पक्ष में चली गईं।