पांच बार महिलाओं के हाथ रही खाकी की कमान
आइपीएस मनीषा चौधरी पानीपत की 37वीं पुलिस कप्तान होंगी। वे मंगलवार को कार्यभार संभालेंगी। उनका कार्यकाल कितना चलेगा यह तो भविष्य के गर्भ में हैं लेकिन महिलाओं में डॉ. सुमन मंजरी सबसे ज्यादा दो साल चार महीने तक एसपी रही हैं।
विजय गाहल्याण, पानीपत
आइपीएस मनीषा चौधरी पानीपत की 37वीं पुलिस कप्तान होंगी। वे मंगलवार को कार्यभार संभालेंगी। उनका कार्यकाल कितना चलेगा यह तो भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन महिलाओं में डॉ. सुमन मंजरी सबसे ज्यादा दो साल चार महीने तक एसपी रही हैं। ममता सिंह एक साल दो महीने पारुल कुश जैन 11 महीने और संगीता कालिया दो महीने एसपी रही हैं। जिले की तासीर है कि यहां पर मुश्किल से एक साल तक ही एसपी टिक पाते हैं। इसी वजह से भी अपराधियों पर शिकंजा नहीं कस पाता है। जब तक एसपी अपराधियों की कुंडली तैयार करते हैं तब तक उनका स्थानांतरण हो चुका होता है। वजह है कि सत्ता दल के नेताओं के मुताबिक काम न होना। 22 एसपी एक साल तक नहीं टिक पाए
आइपीएस हरि सिंह 4 नवंबर 1998 को जिले के पहले एसपी लगे थे। वे पहले कार्यकाल में पांच महीने और दूसरे कार्यकाल में एक महीना दो दिन रहे। 22 एसपी एक साल तक नहीं टिक पाए। इनमें केहर सिंह पांच, केके शर्मा चार व छह, एमएस मान छह व दो, रघुवीर सिंह तीन-तीन, कुलदीप सिहाग आठ, पीआर देव 11, अनिल राव चार, आरएस गहलोत दो व पांच, श्रीकांत जाधव सात और केके राव दस महीने का कार्यकाल शामिल है। आइपीएस अजय सिगल 17 दिन और एमएस श्योराण 29 महीने रहे एसपी
सबसे कम समय तक आइपीएस अजय सिगल 17 दिन तक ही एसपी रहे। इसके बाद उनका स्थानांतरण कर दिया गया। सबसे लंबे समय तक एमएस श्योरण दो साल पांच महीने तक एसपी रहे हैं। हरि सिंह, केके शर्मा, एमएस मान, रघुवीर सिंह और राहुल शर्मा दो-दो बार एसपी रहे हैं।