युवती का अपहरण कर आंगनबाड़ी केंद्र में पांच लोगों ने की दरिंदगी, गिरफ्तार Panipat News
यमुनानगर में युवती से गैंगरेप किया गया है। पांच लोगों ने मिलकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया है।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर में पांच लोगों ने घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। पांचों ने एक युवती का अपहरण किया। उसे आंगनबाड़ी केंद्र ले गए और वहां पांचों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर लिया है।
डेहा बस्ती की 20 वर्षीया युवती का अपहरण कर गैंगरेप किया गया। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। युवती के मेडिकल में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। 164 के बयानों में भी युवती ने डेहा बस्ती के कवि पर भी वारदात में शामिल होने की बात कही। इसके आधार पर पुलिस ने केस में पांचवें आरोपित कवि को भी शामिल कर लिया। थाना प्रभारी रतन लाल ने बताया कि आरोपितों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
घर से ले गए युवक
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, शनिवार रात को 10 बजे युवती अपने घर पर थी। तभी डेहा बस्ती के बाबा, चांद व मोनू आए और उसे उठाकर ले जाने लगे। जब वह शोर मचाने लगी, तो उसका मुंह बंद कर लिया। उसे उठाकर पास के ही आंगनबाड़ी केंद्र में लेकर गए। जहां पर आरोपितों का साथी हरिजन बस्ती निवासी रवि भी पहुंच गया। उन्होंने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपितों ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह से युवती वहां से घर पहुंची और अपनी मां को इस बारे में बताया। इस पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
रिश्तेदारों ने ही रिश्तों को तार-तार किया
युवती से गैंगरेप करने के चार आरोपित उसकी बस्ती के ही रहने वाले हैं। आपस में वह रिश्तेदार है। एक आरोपित हरिजन बस्ती निवासी रवि है। युवती के स्वजनों के मुताबिक, चांद, मोनू, कवि, सलीन ऊर्फ बाबा आरोपित हैं। सभी युवक नशे की लत का शिकार होने के अलावा अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। पहले भी यह युवतियों के साथ छेड़छाड़ कर चुके हैं, लेकिन मामला बिरादरी के तौर पर निपटा दिए गए। जिससे ही इनके हौंसले बढ़े हुए थे।