जीटी रोड जाम, टोल फ्री करना पड़ा हाईवे, जानिए क्या थी वजह
दिल्ली की ओर जाने वाले रूट में जीटी रोड पर जाम लग गया। हजारों की संख्या में वाहन एक के पीछे एक रेंगते हुए चलते रहे। पांच घंटे तक लोग इससे जूझे। आखिर ऐसा क्या हुआ।
जेएनएन, पानीपत: पुलिस और प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा लोगों को उठाना पड़ा। ग्रुप डी की परीक्षा खत्म होने के बाद हर तरफ जाम की स्थिति से लोगों को रूबरू होना पड़ा। घंटों जाम में फंसे होने पर लोग पुलिस और प्रशासन को कोसते नजर आए। हालांकि बाद में कुछ घंटों के लिए हाईवे को टोल फ्री करना पड़ा, जिससे गाडि़यां तेजी से निकल सकीं।
बसताड़ा टोल प्लाजा पर दोपहर बाद जाम लग गया। जाम लगभग पांच घंटे रहा, जिसके चलते जाम खुलवाने के लिए डेढ़ घंटे टोल फ्री कर वाहनों को निकालना पड़ा। छुट्टियों के बाद दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों की संख्या अधिक होना और एचएसएससी ग्रुप डी की परीक्षा के कारण एकाएक सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।
रूट डायवर्ट करना पड़ा
पुलिस ने दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों को एलिवेटेड हाईवे से डायवर्ट कर दिया। हरियाणा रोडवेज की बसें भी जीटी रोड की बजाय एलिवेटेड हाईवे से जाने लगी। जिससे एलिवेटेड हाईवे पर सायं 4 बजे जाम लगना शुरू हो गया और यहां पर 7 बजे तक रेंग-रेंगकर वाहन चले। ऐसे में दिल्ली से चंडीगढ़ और पंजाब, हिमाचल और जम्मू कश्मीर आने-जाने वाले सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए।
टोल पर प्रबंध व्यवस्था फेल
वाहन चालकों का आरोप है कि इन हालातों में टोल प्लाजा प्रबंधन व्यवस्था बनाने में विफल रहता है। इस वजह से जाम की स्थिति अक्सर बन जाती है। जबकि रविवार को हालात विकट हो गए। बसताड़ा टोल प्लाजा पर पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया। कई घंटों तक जाम में फंसे वाहन चालक टोल अधिकारियों को कोसते दिखाई दिए।
एलिवेटेड रोड पर जाम में फंसे वाहन।
कई वीआइपी गाडिय़ां भी फंसी
नेशनल हाईवे नंबर एक पर दोपहर बाद चंडीगढ़ से दिल्ली साइड टोल प्लाजा पर जाम लगना शुरू हो गया और देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें दिखाई देने लगी। वाहन चालक लगभग पांच किलोमीटर जाम के बीच फंस गए। जाम में कई वीआईपी की गाडिय़ां भी फंसी हुई थी। वाहन चालकों ने कई बार टोल वसूली का काम तेजी से करने का आग्रह किया लेकिन उनकी एक न सुनी।
पुलिस की दखलअंदाजी के बाद राहत
बसताड़ा टोल प्लाजा पर लगे लंबे जाम की सूचना ट्रैफिक व मधुबन पुलिस को मिली तो पुलिस टोल टैक्स पर पहुंच गई। पुलिस ने जाम को देखते हुए टोल को डेढ़ घंटे के लिए फ्री करवा दिया। वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। मधुबन थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि ग्रुप-डी की परीक्षा होने कारण टोल टेक्स पर लंबा जाम लग गया था। जाम की सूचना मिलते ही टोल अधिकारियों से टोल फ्री करने के निर्देश दिए। इसके बाद जाम खुला।