Panipat में आग ने मचाया तांडव, धुएं का गुबार, 22 से ज्यादा दमकल गाड़ियां पहुंचीं
सुबह करीब छह बजे सेक्टर में आग का तांडव शुरू हुआ। सेक्टर-29 की प्रकाश टेक्सटाइल में आग लग गई। दोपहर तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में सुबह करीब छह बजे आग ने जमकर तांडव मचाया। आसमान में धुएं का गुबार छा गया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। करीब 22 से ज्यादा दमकल गाडिय़ां मौके पर पहुंची हैं, लेकिन दोपहर तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। अब आग फैक्ट्री के गोदाम तक पहुंच गई।
सेक्टर-29 स्थित राकेश टेक्सटाइल में सोमवार सुबह भीषण आग लग गई। उस समय फैक्ट्री में आठ श्रमिक मौजूद थे। सुबह 7.20 बजे से फायर ब्रिगेड ने मोर्चा संभाला, लेकिन चार घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। जिस कारण आग ऊपर बने गोदाम तक पहुंच गई और विकराल रूप धारण कर लिया।
राकेश टेक्सटाइल फैक्ट्री में आग
सेक्टर-12 निवासी सुशील खन्ना, राकेश खन्ना और योगेश खन्ना की सेक्टर-29 के प्लाट संख्या 69 में राकेश टेक्सटाइल के नाम से फैक्ट्री है। फैक्ट्री में पर्दे बनते हैं और 24 घंटे फैक्ट्री चालू रहती है। शनिवार और रविवार को छुट्टी के बाद सोमवार सुबह छह बजे श्रमिकों ने मशीनें चालू की। कुछ ही देर बाद एक मशीन में आग लग गई। श्रमिकों ने खुद आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग और बढ़ती गई।
फैक्ट्री चारों तरफ से बंद होने से मुश्किल
6:40 बजे श्रमिकों ने मालिक को सूचना दी। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, लेकिन फैक्ट्री चारों तरफ से बंद होने के कारण पानी की बौछार आग की लपटों तक नहीं पहुंच पाई। बराबर की फैक्ट्री और खाली प्लाट की ओर से टीन शेड हटाकर पानी को आग तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
गोदाम में पहुंची आग
आग नीचे से ऊपर बने गोदाम तक पहुंच गई। यहां रखे तैयार माल तक पहुंचने के बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। चार घंटे में फायर ब्रिगेड की करीब 20 गाडिय़ों की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। आग के कारणों का अभी पता नहीं लग सका। करोड़ों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।