पानीपत में डोरमैट फैक्ट्री में लगी आग, 30 कर्मचारियों ने भागकर बचाई जान
पानीपत की कश्यप कॉलोनी में एक डोरमैट सिलाई फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे लाखों का नुकसान हुआ।

पानीपत की डोरमैट फैक्ट्री में भीषण आग।
HighLights
कश्यप कॉलोनी की डोरमैट फैक्ट्री में लगी आग
शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का नुकसान
30 कर्मचारियों ने भागकर बचाई अपनी जान
जागरण संवाददाता, पानीपत। जाटल रोड स्थित कश्यप कॉलोनी की डोरमैट स्टेचिंग फैक्ट्री में मंगलवार सुबह करीब सात बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया।
फैक्ट्री से धुआं उठता देख वहां काम कर रहे करीब 30 कर्मचारियों ने बाहर भागकर जान बचाई और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
आग तेजी से फैलने के कारण फैक्ट्री में रखा तैयार पायदान, कपड़ा और अन्य सामग्री इसकी चपेट में आ गई। मशीनें भी जलकर नष्ट हो गईं। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल कर्मियों ने पहले आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने का प्रयास किया। इसके बाद अलग-अलग हिस्सों में पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का अभियान चलाया गया। सहायक अग्निशमन अधिकारी अमित गोस्वामी ने बताया कि दमकल की पांच गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फैक्ट्री मालिक संदीप ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। आग से फैक्ट्री में रखा सामान और मशीनें जल गई हैं। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। लाखों के नुकसान का अनुमान है।
