फिरोजपुर गुरुद्वारा के प्रधान को मिली जान से मारने की धमकी, लारेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आई थी काल
फिरोजपुर गुरुद्वारा के प्रधान को जान से मारने की धमकी दी गई है। अनजान नंबर से धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया है। लगातार गैंगस्टर का नाम लेकर धमकी देने के मामले सामने आ रहे हैं।
साढौरा (यमुनानगर), संवाद सहयोगी। फिरोजपुर गुरुद्वारा के प्रधान मनजीत सिंह को अनजान नंबर से फोन करके जान से मारने की धमकी दी गई है। फोन करने वाला खुद को लारेंस बिश्रोई गैंग का सदस्य बता रहा था। मनजीत सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की है।
मनजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 अक्टूबर की सुबह उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया। पंजाबी में बात कर रहे शख्स ने खुद के लारेंस बिश्रोई गैंग का सदस्य बताते हुए मनजीत सिंह को जान से मारने की धमकी दी। मनजीत सिंह ने इस काल की रिकार्डिंग उसके पास होने की बात कही है। वहीं जानकारी मिली है कि गुुरुद्वारा की प्रधानगी को लेकर मनजीत सिंह का अपने ही गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। एसएचओ धर्मपाल ने बताया कि मनजीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस हर एंगल से इस मामले की जांच कर रही है।
दस दिन पहले बिलासपुर में आई थी धमकी
बिलासपुर के कपड़ा व्यापारी हर्ष के घर के चिट्ठी भेजकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। लोरेंस गैंग के नाम से यह चिट्ठी भेजी गई है। इसके बाद वाट्सएप नंबर पर काल कर धमकी भी दी गई। रंगदारी न देने पर पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी गई थी। कपडा व्यापारी हर्ष व उसके भाई कपड़े की दुकान करते हैं। 19 सितंबर की सुबह करीब छह बजे उनकी मां उठी और गेट की ओर गई, तो घर के मुख्य गेट पर उनकी मां को एक कागज का टुकड़ा मिला। कागज को खोलकर देखा, तो उसमें लिखा था कि कि साफ साफ बात है मितर इबकी बार गोली हवा में चली है। अगली बार गोली सीधी लगेगी। बिलासपुर थाना पुलिस इस मामले में तवरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।