सौतेली मां को बताई पिता की घिनौनी करतूत, थाने पहुंच बेटी को दिलाया इंसाफ Panipat News
पांच साल से एक पिता अपनी बेटी से दुष्कर्म कर रहा था। पहली पत्नी की मौत के बाद उसने दूसरी शादी कर ली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। कैथल में पिता की घिनौनी करतूत ने सभी को झकझोर दिया। सौतेली मां ने बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए पति के खिलाफ थाने पहुंच गई। पति पांच साल से बेटी के साथ दुष्कर्म कर रहा था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
कैथल शहर की एक कॉलोनी में रहने वाला ऑटो चालक अपनी ही बेटी से पांच सालों से दुष्कर्म कर रहा था। इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने केस दर्ज करते हुए शुक्रवार देर रात आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को कोर्ट में पेश करते हुए जेल भेज दिया है।
13 साल की है बेटी
महिला पुलिस थाना से मामले की जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दर्शना देवी ने बताया कि आरोपित की पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। उसके नाम की 13 साल की बेटी जो आठवीं कक्षा में पढ़ती है। आरोपित ने दूसरी शादी भी की हुई है, जो दूसरी पत्नी से भी एक चार साल की बेटी है। आरोपित ऑटो चालक अपनी 13 साल की बेटी के साथ पिछले पांच सालों से गलत काम कर रहा था। जब भी दूसरी पत्नी घर से बाहर जाती तो मौका मिलने पर आरोपित यह काम करता था।
सौतेली मां को बताई बात
पहले तो बेटी पिता की करतूत को बताने में डरी। हालांकि बाद में उसने सौतेली मां पर भरोसा करते हुए पिता की घिनौनी करतूत की जानकारी दी। महिला ने जब पति को ऐसा करने से रोका तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
थाने पहुंच गई मां
आरोपित की धमकी के बाद महिला बेटी को लेकर थाने पहुंच गई। महिला थाना में महिला ने शिकायत दी। बेटी के बयान के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।