Move to Jagran APP

Farmers Protest in Haryana: टोल प्‍लाजा पर किसानों ने किया घेराव, तीन घंटे टोल फ्री, पुलिस प्रशासन अलर्ट

हरियाणा में किसानों ने कई जिलों में टोल प्‍लाजा को बंद करा दिया। टोल प्‍लाजा का घेराव किया। इसके बाद टोल को तीन घंटे के लिए फ्री करा दिया है। वहीं पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया है। किसानों से बातचीत की जा रही है।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Sat, 09 Apr 2022 10:53 AM (IST)Updated: Sat, 09 Apr 2022 10:53 AM (IST)
Farmers Protest in Haryana: टोल प्‍लाजा पर किसानों ने किया घेराव, तीन घंटे टोल फ्री, पुलिस प्रशासन अलर्ट
करनाल में टोल फ्री कराने पहुंचे किसान।

पानीपत, [डिजिटल डेस्‍क]। हरियाणा में किसानों ने सुबह दस बजे ही टोल का घेराव कर‍ दिया। करनाल, कुरुक्षेत्र सहित कई जिलों में किसानों ने टोल को बंद करवा दिया है। किसानों ने टोल फ्री कर दिया है। किसानों के पहुंचने की सूचना पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। किसानों से बातचीत की, लेकिन किसान नहीं मानें। 

loksabha election banner

दरअसल, भारतीय किसान यूनियन के चढ़ूनी गुट के अध्‍यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो वायरल करते हुए टोल फ्री कराने का आह्वान किया था। चढ़ूनी की मांग है कि इस बार गेहूं की पैदावार काफी कम हुई है। इस वजह से हर क्विंटल गेहूं में 500 रुपये का बोनस सरकार दे। इसी मांग को लेकर चढ़ूनी ने टोल फ्री करवाने का एलान किया था। सुबह 10 बजे से लेकर एक बजे तक टोल फ्री कराया जा रहा है। किसान सुबह दस बजे ही पहुंच गए थे। 

किसानों ने बसताड़ा टोल प्लाजा कराया फ्री

पहले से ही तय कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में किसान टोल प्लाजा पर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी थी। हाथों में भारतीय किसान यूनियन के झंडे लेकर पहुंचे किसानों ने जाते ही सुबह 10 टोल फ्री करवा दिया और वाहन गुजरते रहे। किसानों ने सभी कैबिन का घेराव कर लिया और कहा कि दोपहर एक बजे तक टोल फ्री रख जाएगा। जगदीप, राजबीर, बलबीर सिंह, राजे राम सहित अन्य किसानों ने कहा कि इस बार पहले ही गेहूं की पैदावार कम हुई है तो किसानों को मौसम की मार भी झेलनी पड़ रही है। खाद से लेकर दवाओं तक सभी की कीमते बढ़ जाने के चलते गेहूं की फसल पर लागत भी अधिक आई है, लेकिन सरकार उस अनुसार किसानों को भाव नहीं दे पा रही है। इससे किसानों को कड़ी मेहनत कर तैयार की गई गेहूं की फसल का भी कोई फायदा नहीं मिल रहा। उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा है। ऐसे में सरकार को उन्हें 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जाना चाहिए। किसान यूनियन पहले भी सरकार से यह मांग कर चुकी है और जब इसे गंभीरता से नहीं लिया तो पूरे प्रदेश में तीन घंटे टोल फ्री रखने का ऐलान किया गया था। इसी तय कार्यक्रम के अनुसार ही किसान टोल फ्री करवाने पहुंचे थे। उधर किसानों के एकजुट होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल भी पहुंच गया। डीएसपी घरौंडा दीपक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा तो वहीं किसानों को शांति बनाए रखने की अपील भी की गई।

सैनी माजरा और थाना टोल पर जमे किसान

कुरुक्षेत्र के गांव सैनी माजरा और थाना के टोल को फ्री करवाने के लिए सुबह नौ बजे किसान टोल पर पहुंचने शुरू हो गए थे। किसानों ने 10 बजते ही भाकियू के शाहाबाद अध्यक्ष जसबीर सिंह मामूमाजरा के नेतृत्व में सैनी माजरा टोल को फ्री करवा दिया है। सुबह 10 बजे से पहले ही किसान टोल पर पहुंचने शुरू हो गए थे।

भाकियू राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने शुक्रवार की देर रात्रि ही एक वीडियो जारी कर किसानों से सुबह टोल फ्री करवाने का आह्वान किया है। तीन घंटे के प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए भाकियू के ओर से दोनों टोल पर अलग-अलग पदाधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। गांव सैनी माजरा में बने टोल पर पहुंचे भाकियू नेता जसबीर सिंह मामू माजरा ने कहा कि वह एक बजे तक टोल को फ्री रख कर अपनी मांगों को लेकर सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद मौके पर पहुंचे सरकार के अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस ज्ञापन से सरकार से मांग की जाएगी कि गेहूं पर 500 प्रति क्विंटल बोनस दिया जाए, टोल के 15 किलोमीटर के क्षेत्र में आने वाले गांवों के वाहनों को फ्री किया जाए, टोल पर क्षेत्रीय युवाओं को नौकरी दी जाए और सभी टोल पर बगैर टैग लगे वाहनों की दोबारा से पर्ची काटने की व्यवस्था की जाए। इस मौके पर भाकियू के हलका प्रधान गुरनाम सिंह फौजी, सोनू सामरा मौजूद रहे।

चार माह पहले ही टोल से उठा था धरना

कृषि कानूनों को रद करने की मांग पर लेकर सैनी माजरा और थाना टोल पर भी धरना चला था। अभी चार माह पहले ही यहां से धरना हटा था। आज फिर किसान लामबंद होकर टोल पर आ डटे हैं। पुलिस ने भी टोल पर चौकसी बढ़ा रखी है। अंबाला और कुरुक्षेत्र दोनों जिलों की पुलिस टोल पर पैनी नजर रहेगी। अंबाला पुलिस ने भी टोल पर कर्मचारी तैनात कर दिए हैं। इस्माईलाबाद पुलिस ने हाइवे पर गश्त बढ़ा रखी है।

अंबाला का शंभू टोल भी कराया फ्री 

इस सीज़न में फसल खरीद पर 500 रुपये प्रति क्विंटल बोनस की मांग को लेकर किसान ने शंभू टोल को फ्री करवा दिया। इस दौरान किसानों ने जमकर नारेबाजी की। भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान मलकीत सिंह ने बताया कि शांति पूर्ण तरीके से काम किया गया। किसान के विरोध के चलते पुलिस बल भी तैनात रहा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.