Farmers Protest: किसान संगठनों का प्रदर्शन शुरू, हरियाणा के कई जिलों में जुटे प्रदर्शनकारी
संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से एक बार फिर से विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्षा गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने वीडियो जारी करते हुए किसानों से प्रदर्शन में हिस्सा लेने की अपील की है।
पानीपत, [डिजिटल डेस्क]। तीन कृषि कानूनों के विरोध में और लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में अब तक गृह राज्य मंत्री के खिलाफ कार्रवाई न होने पर किसान संगठनों ने प्रदर्शन का एलान किया है। आज मंगलवार को तहसीलों और लघु सचिवालय के बाहर किसान जुटे। विरोध प्रदर्शन सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक होगा। वहीं प्रदर्शन में बढ़चढ़कर हिस्सा लेने के लिए भारतीय किसान यूनियन के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने वीडियो भी जारी किया।
करनाल जिला सचिवालय के समक्ष जुटने लगे आंदोलनकारी लगाया टेंट
करनाल जिला सचिवालय के समक्ष संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आंदोलनकारी जुटने शुरू हो गए हैं। अभी करीब 50 आंदोलनकारी ही पहुंचे हैं, जिन्होंने टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया है। किसान नेता रामपाल चहल के नेतृत्व में आंदोलनकारी सरकार विरोधी नारेबाजी कर रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि अभी बड़ी संख्या में और भी लोग यहां पहुंचेंगे। दोपहर दो बजे तक धरना जारी रखा जाएगा, जिसके बाद जिला उपायुक्त को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम एक ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें लखीमपुर खीरी प्रकरण में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तीनों कृषि कानून रद्द किए जाने एमएसपी लागू करने आदि मांगे रखी जाएंगी। किसानों के धरने में रोष प्रदर्शन को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद हैं और जिला सचिवालय में एक कंपनी तैनात की गई।
कैथल में भी जुटे किसान
लखीमपुर प्रकरण को लेकर सयुंक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर आंदोलनकारी किसानों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा। आंदोलनकारियों द्वारा डीसी कार्यालय का घेराव किया गया है। दोपहर दो बजे डीसी प्रदीप दहिया को ज्ञापन दिया जाएगा। प्रदर्शन की अध्यक्षता करते हुए होशियार गिल कर रहे हैं।
कुरुक्षेत्र में कृष्ण कलाल माजरा के नेतृत्व में पहुंचे किसान
संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को आंदोलनकारियों ने लघु सचिवालय परिसर में उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए भाकियू जिलाध्यक्ष कृष्ण कलाल माजरा ने कहा कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार न करने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।
यमुनानगर में लघु सचिवालय के बाहर धरने पर बैठे आंदोलनकारी।
गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि 11 महीने से किसान आंदोलन कर रहे हैं। सरकार नहीं सुन रही। वहीं लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में अभी तक गृह राज्य मंत्री को न गिरफ्तार किया गया और न निलंबित किया गया। इससे किसानों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि आज देश भर में किसान प्रदर्शन करेंगे। उत्तर प्रदेश में किसान थानों के बाहर प्रदर्शन करेंगे, जबकि अन्य जगहों पर तहसील और लघु सचिवालय के बाहर किसान जुटेंगे। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक प्रदर्शन चलेगा। इस दौरान संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। चढ़ूनी ने अपील करते हुए कहा कि प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण होना चाहिए।
बता दें कि तीन कृषि कानूनों को रद करने की मांग को लेकर 11 महीने से आंदोलन चल रहा है। किसान हरियाणा दिल्ली बार्डर पर धरना दे रहे हैं। आंदोलन के 11 महीने पूरे होने पर किसान संगठनों सहित संयुक्त किसान मोर्चा ने सुबह 11 बजे से प्रदर्शन का एलान किया है।
वहीं, किसानों के प्रदर्शन को लेकर सुबह ही जिला मुख्यालय में प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक हुई।प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रहेगी। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए आसपास के थानों को भी अलर्ट रहने को कहा गया है। वहीं संगठनों ने भी किसानों से शांति पूर्ण तरीके से विरोध जताने को कहा है।