विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'24 घंटे में पैसे दो वरना...', पानीपत के डॉक्टर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी 1 करोड़ की रंगदारी

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:20 PM (IST)

पानीपत के एक निजी अस्पताल के संचालक डॉ. संजय सैन से फोन पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।

डॉक्टर से एक करोड़ की रंगदारी मांगी, 24 घंटे में रकम तैयार रखने की धमकी।

डॉक्टर से एक करोड़ की रंगदारी मांगी, 24 घंटे में रकम तैयार रखने की धमकी।

HighLights

  1. डॉ. संजय सैन से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई

  2. अज्ञात व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया

  3. पुलिस की अपराध जांच और साइबर टीमें मामले की जांच में जुटीं

जागरण संवाददाता, पानीपत। निजी अस्पताल के संचालक चिकित्सक डॉ. संजय सैन से फोन पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया और चिकित्सक को धमकी दी कि उसकी पूरी रेकी की जा चुकी है। आरोपित ने 24 घंटे में रकम तैयार रखने को कहा। साथ ही रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जिस नंबर से फोन आया, उसकी जानकारी जुटाने के साथ ही आरोपित की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अपराध जांच टीम और साइबर टीम को भी जांच में लगाया गया है।

फोन पर सीधे एक करोड़ रुपये मांगे

जानकारी के अनुसार डॉ. संजय सैन के पास अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया। उसने डॉ. सैन से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। धमकी देते हुए कहा कि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उसकी पूरी रेकी कर रखी है। आरोपित ने 24 घंटे का समय देते हुए रुपये तैयार रखने को कहा।

पुलिस को दी सूचना, जांच शुरू

धमकी मिलने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने फोन नंबर और कॉल से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम नंबर की तकनीकी जानकारी जुटा रही है, जबकि अपराध जांच टीम आरोपित तक पहुंचने के लिए अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाला वास्तव में किसी गिरोह से जुड़ा है या किसी ने डर पैदा करने के लिए गिरोह का नाम इस्तेमाल किया है।