महंगी गैस और खाली सिलेंडर, पानीपत में किसान-मजदूरों ने भरी हुंकार; कालाबाजारी के खिलाफ किया प्रदर्शन
पानीपत में माकपा, सीटू और अखिल भारतीय किसान सभा ने रसोई गैस की कमी, बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी के खिलाफ ...और पढ़ें
-1773546299212_m.webp)
गैस की कमी, बढ़ती कीमतों व कालाबाजारी के विरोध में किया प्रदर्शन (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पानीपत। रसोई गैस की कमी, बढ़ती कीमतों और कथित कालाबाजारी के विरोध में माकपा, सीटू और अखिल भारतीय किसान सभा के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सनौली रोड स्थित इंडेन और भारत गैस एजेंसी के सामने एकत्र होकर केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री के नाम जिला उपायुक्त से ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सीटू के राज्य सचिव सुनील दत्त ने कहा कि देश में रसोई गैस की कमी और लगातार बढ़ती कीमतों के कारण आम जनता को भारी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को घंटों तक लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है और गैस बुकिंग में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक नगरी पानीपत में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक टेक्सटाइल उद्योग और तेल रिफाइनरी में काम करते हैं, जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं है। ऐसे में वे छोटे सिलिंडरों से खुले बाजार से महंगे दामों पर गैस खरीदने को मजबूर हैं। इससे मजदूरों की आर्थिक स्थिति और अधिक खराब हो रही है।
डॉ. सुरेंद्र मलिक ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ 23 मार्च को शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस को साम्राज्यवाद विरोध दिवस के रूप में मनाया जाएगा। वहीं 24 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान-मजदूरों की विशाल रैली आयोजित कर सरकार की नीतियों के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया जाएगा।
इस अवसर पर अखिल भारतीय किसान सभा के जिला सचिव राजपाल गाहल्याण, उपप्रधान दिलावर सिंह राठी, संयुक्त किसान मोर्चा के नेता फौजी रोहतास मलिक, इंडस्ट्रियल वर्कर यूनियन पानीपत के महासचिव जय भगवान, सीटू नेता नवीन सपरा, निर्मला अहलावत, बंटी और सीमा शर्मा सहित अन्य नेताओं ने किया।
