अधजले बिस्तर ने खोला गुनाह का राज, मकान मालिक को सौंपा था खून सना नोट
नूरहसन ने साली पत्नी और सास की हत्या के बाद पुलिस पकड़ से बचने के लिए शवों की पहचान मिटाने की पूरी कोशिश की। नाले में साली का शव गिराया था। अर्धनग्न शव को ढंकने के लिए जिस अधजले बिस्तर का प्रयोग किया वही बिस्तर पुलिस के लिए उसके गुनाहों का राज खोलने में मददगार साबित हुआ।
रामकुमार कौशिक, समालखा
कहावत है कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, गुनाह के निशान जरूर छोड़ जाता है। नूरहसन ने साली, पत्नी और सास की हत्या के बाद पुलिस पकड़ से बचने के लिए शवों की पहचान मिटाने की पूरी कोशिश की। नाले में साली का शव गिराया था। अर्धनग्न शव को ढंकने के लिए जिस अधजले बिस्तर का प्रयोग किया, वही बिस्तर पुलिस के लिए उसके गुनाहों का राज खोलने में मददगार साबित हुआ।
शवों की शिनाख्त करने के लिए पुलिस बिस्तर को लेकर आसपास के मुहल्लों में घूम रही थी। पुलिस जब कालीरामणा पाना में पहुंची तो यहां मकान मालिक जयपाल ने बिस्तर पहचान लिया। पुलिस को बताया कि नूरहसन के कमरे के बाहर ये टंगा रहता था। पुलिस ने नूर हसन को पकड़ने और उसके गुनाहों से पर्दा उठाने में देर नहीं लगाई। करीब 300 मीटर दूर था कमरा
चुलकाना रेलवे पुल के पास जहां नाले में साली मनीषा और लाइन पार पत्नी मधु का कंकाल मिला, वहां से उनका कमरा करीब 300 मीटर दूर है। वहां से सीधे रास्ता पुल तक आता है। रात में उक्त रास्ते पर आवागमन न के बराबर होता है और ज्यादातर जगह अंधेरा ही छाया रहता है। उसी सुनसान राह को उसने अपने गुनाहों को छिपाने के लिए चुना, लेकिन गुनाह ज्यादा दिन छिप न सके। इसने नरक म्ह भी जगह नहीं मिलेगी
गुमसुम रहने वाले नूर हसन की हैवानियत की कहानी सुनकर हर कोई हैरान है। वह इतना बड़ा और घिनौना कदम उठा सकता है, इस पर कोई विश्वास नहीं कर रहा। नूरहसन को उन्होंने कभी किसी दूसरे के साथ विवाद तो दूर, ठीक से बोलते तक नहीं देखा था। राज से पर्दा उठाने के बाद वीरवार शाम पुलिस कमरे पर पहुंची तो आसपास के लोग जमा हो गए। तीनों महिलाओं की हत्या नूर हसन द्वारा किए जाने का पता चला तो हर किसी की जुबां से निकला, हाय। इतना शुदा दिखण आलै ने इतना बड़ा हत्याकांड कर दिया। इसने नरक म्ह भी जगा ना मिलेगी। पत्नी जोर से बोलती तो चुप हो जाता था
मकान मालिक जयपाल बताते हैं कि नूरहसन करीब दो साल पहले पत्नी को लेकर आया था। मकान के दूसरे गेट के पास बने कमरे में रहता था। किसी से कोई मतलब नहीं रखता। सीधे अपने काम पर आता और जाता था। कई बार उसका पत्नी के साथ विवाद हो जाता। वो उससे जोर से बोलती भी तो कभी जुबान तक नहीं खोलता था। इतना शरीफ दिखने वाला इतना बड़ा हैवान निकलेगा, ये हमने जिदगी में कभी सोचा नहीं। मकान मालिक को दे गया था खून लगा नोट
वारदात के कई दिन बाद वो कमरा खाली करने के लिए आया और किराया देकर चला गया। किराये के तौर पर जो रुपये वो देकर गया, उसमें से एक नोट पर खून लगा था, लेकिन उन्हें क्या पता था खून के पीछे इतनी बड़ी कहानी छिपी है। पड़ोसी ने बताया कि पत्नी से नूरहसन का अकसर विवाद होता था। कई बार पुलिस में शिकायत तक हुई। हम समझाते तो वह मान जाता था। गुमसुम चेहरे वाला कातिल निकलेगा, हम सोच भी नहीं सकते।