Move to Jagran APP

कर्मचारियों का एलान, रोडवेज, बैंक, बिजली और नगर निगम सहित अन्य विभागों में हड़ताल Panipat News

सरकार के खिलाफ कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल की घोषणा कर दी है। कई विभाग के कर्मी बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे।

By Anurag ShuklaEdited By: Published: Tue, 07 Jan 2020 05:47 PM (IST)Updated: Tue, 07 Jan 2020 06:36 PM (IST)
कर्मचारियों का एलान, रोडवेज, बैंक, बिजली और नगर निगम सहित अन्य विभागों में हड़ताल Panipat News
कर्मचारियों का एलान, रोडवेज, बैंक, बिजली और नगर निगम सहित अन्य विभागों में हड़ताल Panipat News

पानीपत, जेएनएन। सरकार से नाराजगी को लेकर कर्मचारियों ने हड़ताल का एलान किया है। कर्मचारी यूनियन ने बुधवार को एक दिन की हड़ताल की घोषणा की है। रोडवेज विभाग के अलावा बैंक, नगर निगम, बिजली निगम, दमकल विभाग व जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। इससे जन जीवन पर खास असर पड़ सकता है। 

loksabha election banner

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि सभी विभाग पूरी तरह से बंद रहेंगे। कोई कर्मचारी काम नहीं करेगा। वहीं प्रशासन दावा कर रहा है कि हड़ताल का कोई खास असर नहीं रहेगा। रोजमर्रा की तरह कार्यालयों में काम होगा।

टाल दी गई थी हड़ताल

हड़ताल का सबसे ज्यादा असर दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा। वैसे तो रोडवेज यूनियन ने सात जनवरी को भी हड़ताल का आह्वान किया था लेकिन सरकार के साथ बातचीत होने के बाद मंगलवार को होने वाली हड़ताल को टाल दिया गया था। 

बसें बंद होने से आ सकती है दिक्कत

अब कर्मचारी बुधवार को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन कर रहे हैं। यमुनानगर डिपो में रोडवेज की 144 बसें हैं। जिनमें से 128 बसें ऑन रूट रहती है। यमुनानगर तालमेल कमेटी के डिपो प्रधान वरयाम सिंह व नंदलाल कांबोज ने बताया कि हड़ताल की सभी तैयारियां पूरी हैं। सभी बसों का चक्का जाम रहेगा। कर्मचारियों को मजबूरी में हड़ताल करनी पड़ रही है। सरकारी बसें चलाने की बजाय सरकार प्राइवेट बसों को किलोमीटर स्कीम के तहत चला रही है। इन्हें चलाने में करोड़ों रुपये का घोटाला हुआ है। इसकी जांच होनी चाहिए। 

बिजली कर्मचारी भी हड़ताल पर  

यमुनानगर में बिजली निगम के करीब 400 कर्मचारी भी बुधवार को हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान बिजली सप्लाई भी बाधित हो सकती है। कर्मचारी एसई कार्यालय पर एकत्रित होंगे और नारेबाजी करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि सरकार विभाग का निजीकरण करने पर तुली है। लंबित मांगों को अरसे से पूरा नहीं किया गया। उधर, बिजली निगम के एसई योगराज का कहना है कि कर्मचारी भले ही हड़ताल पर चले जाएं लेकिन उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। मरम्मत के लिए जो स्टॉफ निगम के पास है उसे हड़ताल पर जाने वाले कर्मचारियों के स्थान पर लगाया जाएगा।

बैंकों की कई शाखाएं रहेंगी बंद

हड़ताल में सरकारी बैंकों की कई यूनियन भी शामिल हो रही हैं। जिस कारण कई बैंक पूरी तरह से बंद रहेंगे। वहीं जो शाखाएं खुलेंगी उनमें स्टॉफ बहुत कम होगा। कर्मचारियों की हड़ताल से करोड़ों रुपये का लेनदेन बैंकों में प्रभावित हो सकता है। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर एसोसिएशन के महासचिव सुशील कुमार कटारिया ने बताया कि एसोसिएशन के जिला में 101 सदस्य हैं। करीब विभिन्न बैंकों की 32 शाखाओं में एसोसिएशन के सदस्य हैं। सरस्वती नगर, पाबनी, पांसरा, कलावड़ा व जगाधरी में क्रिश्चन अस्पताल शाखा में जो बैंक हैं वे पूरी तरह से बंद रहेंगे।

पेयजल सप्लाई पर भी पड़ सकता असर 

शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में होने वाली पेयजल सप्लाई कर्मचारियों की हड़ताल से प्रभावित हो सकती है। हालांकि सर्दी का मौसम होने से इस हड़ताल का असर लोगों पर न के बराबर ही रहेगा। अध्यापकों की कई यूनियन भी हड़ताल को अपना समर्थन दे रही हैं। लेकिन इन दिनों राजकीय स्कूलों में सर्दी की छुट्टियां चल रही हैं। इसलिए इसका बच्चों की पढ़ाई पर कोई असर नहीं पडऩे वाला।

चरमरा सकती सफाई व्यवस्था

नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर रहेंगे। जिसका सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ सकता है। लेकिन दो दिन से हो रही बूंदाबांदी से सड़कों पर वैसे भी सफाई नहीं हो रही है। बुधवार को भी मौसम विभाग ने बूंदाबांदी होने की घोषणा की है। घरों से कचरा उठाने व डस्टबिन खाली करने का काम ठेकेदार के माध्यम से हो रहा है। उधर, दमकल कर्मचारी भी इस हड़ताल को समर्थन दे रहे हैं।

धारा 144 लगाई है : मुकुल कुमार

डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि बस स्टैंड व अन्य विभागों के आसपास धारा 144 लगा रखी है। जिसके तहत 500 मीटर के दायरे में पांच से ज्यादा लोग एकत्रित नहीं हो सकते। हड़ताल को लेकर मीटिंग ली जा चुकी है। मुख्य जगहों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

जींद में बसों को पुलिस लाइन में खड़ा किया जाएगा

आठ जनवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल के कारण कर्मचारी यूनियनों द्वारा रोडवेज की बसों का चक्का जाम किया जाएगा तो रोडवेज प्रशासन द्वारा हड़ताल से निपटने को लेकर अपनी पूरी तैयारी कर ली है। पुलिस बल से लेकर आउटसोर्सिंग के चालक-परिचालकों से बातचीत हो चुकी है। कुछ बसों को मंगलवार शाम को ही पुलिस लाइन में खड़ा किया जाएगा, ताकि बस अड्डे के गेट पर ताला जड़ दिए जाने के बाद पुलिस लाइन से ही बसों को रवाना किया जा सके।

करनाल में प्रशासन सतर्क

आठ जनवरी की रोडवेज व बिजली निगम की हड़ताल के मद्देनजर प्रशासन सतर्क है। हड़ताल के दौरान बसों व बिजली की व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए वैकल्पिक बंदोबस्त पर दिया जा रहा है। 

अंबाला में भी राष्‍ट्रव्‍यापी हड़ताल

राष्ट्रव्यापी हड़ताल के चलते सरकारी को छोड़ प्राइवेट बैंकों में नहीं होगी वर्किंग। जनता की बढ़ेगी मुश्किलें। रेलवे, डाक विभाग, नगर निगम, बीएसएनएल, एजुकेशन, रोडवेज के अलावा आशा वर्कर यूनियनें हड़ताल में शामिल होगी। ट्रेड यूनियनों एवं कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने का फैसला लिया गया। 

पानीपत में भी प्रशासन सतर्क

हड़ताल की वजह आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। रोडवेज बसों के अलावा कई विभागों के कर्मचारी आंदोलन में साथ देंगे। ऐसे में विभाग में काम ठप रहेगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.