चुनाव प्रचार का काउंट डाउन शुरू, भाजपा और कांग्रेस के स्टार प्रचारक झोंकेंगे ताकत
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सचिन पायलट रैलियों को संबोधित करेंगे
-भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, फिल्म अभिनेता मनोज तिवारी, कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सचिन पायलट रैलियों को संबोधित करेंगे
-लाउडस्पीकर लगे वाहन चलाने की परमिशन नहीं होगी
-20 को डोर-टू-डोर जनसंपर्क कर सकेंगे प्रत्याशी जागरण संवाददाता, पानीपत : विधानसभा चुनाव प्रचार समाप्त होने का काउंट डाउन शुरू हो गया है। प्रत्याशियों के पास तीन दिन का समय है। स्टार प्रचारक 19 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक चुनावी सभा को संबोधित कर सकेंगे। इसके बाद का समय मतदाताओं के मंथन करने का होगा। प्रत्याशी 20 को केवल डोर-टू-डोर संपर्क सकेंगे। प्रचार के आखिरी दिनों में भाजपा और कांग्रेस ने पूरी ताकत लगाने की योजना बनाई है। स्टार प्रचारक तीनों दिन पानीपत में आधा दर्जन से अधिक सभाओं को संबोधित करेंगे।
हरियाणा विधानसभा के चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को प्रात: 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। चुनाव के लिए फाइनल रिहर्सल निर्धारित स्थानों पर 20 अक्टूबर को होगी। इसके साथ पोलिग पार्टियों को रवाना किया जाएगा। शाम तक पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंचेंगी। चुनाव के दौरान 19 अक्टूबर को शाम 6 बजे तक माइक लगाकर प्रचार कर सकेंगे। इसके बाद विधानसभा के मतदान क्षेत्र में कोई भी लाउडस्पीकर लगा वाहन मान्य नहीं होगी। न ही कोई राजनीतिक दल, उम्मीदवार के नजदीकी व सहानुभूति रखने वाले व्यक्ति वाहन लेकर घूम सकेंगे। इनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। सभी होटलों, रेस्टोरेंट, धर्मशाला और मैरिज पैलेस में पुलिस अगले 48 घंटे चेकिग अभियान चलाएगी।
भाजपा स्टार प्रचारक मनोज तिवारी पानीपत में, हेमामालिनी मतलौडा में
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बाद बृहस्पतिवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन पानीपत में होंगे। वे दोपहर 12:30 बजे होटल डेज में मीडिया से रूबरू होंगे। दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा के समर्थन में बृहस्पतिवार को सुबह 10 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा 18 अक्टूबर को 11 बजे नूरवाला में महीपाल ढांडा के समर्थन में सभा करेंगे। मतलौडा अनाज मंडी में 19 अक्टूबर को मथुरा की सांसद व मशहूर अभिनेत्री हेमामालिनी सुबह 9:30 बजे कृष्णलाल पंवार के पक्ष में जनसभा करने आएंगी।
कांग्रेस के हुड्डा और सचिन पायलट मैदान में
कांग्रेस ने भी प्रचार के आखिरी दिनों में चुनावी सभाओं को तेज कर दिया है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा 17 अक्टूबर बृहस्पतिवार को शाम 5 बजे नूरवाला में ग्रामीण प्रत्याशी ओेमप्रकाश जैन के समर्थन में रैली को संबोधित करेंगे। रोहतक के पूर्व सांसद दीपेंद्र हुड्डा 18 अक्टूबर को सुबह 9 बजे इसराना विधानसभा क्षेत्र की मतलौडा अनाज मंडी में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट 19 अक्टूबर को समालखा के भापरा स्टेडियम में धर्म सिंह छौक्कर के समर्थन में 12 बजे रैली को संबोधित करेंगे।