जहरीला पदार्थ खाकर महिला थाने में घुसा अधेड़, मौत, मचा हड़कंप
पानीपत के महिला थाना उस समय हड़कंप जब एक अधेड़ जहरीला पदार्थ खाकर घुस आया। अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अधेड़ के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पानीपत, जेएनएन। पानीपत में एक अधेड़ जहरीला पदार्थ खाकर महिला थाने के अंदर घुस आया। जब मामले का पता चला तो अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा है।
महमदपुर गांव का एक व्यक्ति बृहस्पतिवार दोपहर को जहरीला पदार्थ खाकर महिला थाने में घुस गया। हालत बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों न उसे सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। रात को तबीयत बिगडऩे पर डाक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज खानपुर रेफर कर दिया। उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल जहरीला पदार्थ निगलने के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है।
क्यों खाया अभी पुष्टि नहीं
सेक्टर 13-17 थाना प्रभारी कमलजीत ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे महिला थाना से जहरीला पदार्थ निगले एक व्यक्ति के थाने में घुसने की सूचना मिली थी। पूछताछ में महिला थाना में कार्यरत एएसआइ बिमला ने बताया कि अधेड़ उम्र के दलबीर उर्फ पप्पू के कदम लडख़ड़ा रहे थे। उपचार के लिए अस्पताल में भेज दिया। शिकायत के आधार पर आइपीसी 309 के तहत केस दर्ज कर लिया था। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज खानपुर में शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। स्वजनों से पूछताछ में पता चला है कि दलबीर बृहस्पतिवार सुबह छह बजे घर से निकल गया था। लेकिन किन परिस्थितियों में जहर निगला, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मृतक का एक बेटा और एक बेटी है।
इधर, कार में हेरोइन तस्करी करता युवक काबू
डस्टर गाड़ी में हेरोइन तस्करी कर रहे एक युवक को सेक्टर 29 थाना पुलिस ने सिवाह गांव स्थित फौजी ढाबे के पास धर दबोचा। कार के डैशबोर्ड से 90 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपित युवक ने अपनी पहचान सूरज उर्फ मोनू निवासी जलालपुर कलां जींद हाल निवासी नामुंडा समालखा के रूप में दी। पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वहीं, सास ने दामाद पर लगाया छेडख़ानी का आरोप
सेक्टर 29 थाना क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि उसकी बेटी ने सालभर पहले अंकुश के साथ लव मैरिज की थी। बेटी से नाराजगी के चलते उसने उसे बेदखल कर दिया। बृहस्पतिवार को दामाद अंकुश दोस्त सुमित, भारत और दो दोस्तों के साथ उनके घर में घुस गया। आरोपितों ने उसके साथ छेडख़ानी की। देवर और बेटे ने उसे छुड़ाने की कोशिश की तो आरोपितों ने उनकी भी पिटाई कर दी। भीड़ जुटती देख हथियार और स्विफ्ट कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।