डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सुनेंगे अब Panipat वालों की फरियाद
कष्ट निवारण समिति में जिले के लोगों की फरियाद अब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सुनेंगे।
पानीपत, जेएनएन। कष्ट निवारण समिति में जिले के लोगों की फरियाद अब प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सुनेंगे। भाजपा सरकार के पिछले कार्यकाल में पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा के बाद मंत्री अनिल विज कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करते रहे हैं। मनोहर-2 के कार्यकाल में बुधवार को जिला कष्ट निवारण समिति जिम्मेदारी सौंपी गई।
उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत पानीपत और फरीदाबाद की कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष बनाए जाने पर जेजेपी के नेताओं व समर्थकों में विशेष उत्साह है। फरियाद करने वालों की उम्मीदें भी जगी हैं। सीधे तौर पर उप-मुख्यमंत्री के आने से प्रशासन उनकी शिकायतों को अधिक गंभीरता से लेगा। पानीपत औद्योगिक क्षेत्र है। उद्योग के साथ-साथ सेल्स टैक्स विभाग की कमान भी उप-मुख्यमंत्री के हाथों में है। उनसे ज्यादा संपर्क करने का यहां के उद्यमियों को भी लाभ मिलना तय है। अब कष्ट निवारण समिति में जजपा के साथ-साथ भाजपा के कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
फरियादियों को जगी आस
उग्राखेड़ी गांव के संदीप मलिक ने बीते 30 अगस्त को कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायत दी थी। बैठक में उनकी शिकायत पर कार्रवाई करने के लिए मंत्री अनिल विज ने तो आदेश दे दिए थे। अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई। उम्मीद है कि अगली बैठक में उनकी कार्रवाई हो जाएगी। डिप्टी सीएम से उन्हें काफी उम्मीद है।
12 फरियादियों को जगी आस
अगस्त माह के बाद विधानसभा चुनाव घोषित हो गए थे। 30 अगस्त की बैठक में 12 शिकायतें आई थी। इन फरियादियों को उम्मीद है कि उनकी शिकायत डिप्टी सीएम की बैठक में जरूर हल होगी। फरियादियों में सुनीता विद्यानंद कालोनी, नाहर बुआना लाखू, राजकुमार मतलौडा, संदीप कुमार, ढोडपुर, सुभाष पिल्लूखेड़ा, महावीर अजीजुलापुर, जय छाजपुर कलां, श्याम सुंदर शांति नगर मॉडल टाउन, बचन डाडौला, गजराज पसीना कलां, अशोक कुमार वजीर पुर टिटाना शामिल है।