अलका गुर्जर ने कांग्रेस के सत्याग्रह को बताया नाटक, कहा- 'संकट में कांग्रेस को लोकतंत्र की याद आती है'
Congress डा. अलका गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस का ये सत्याग्रह सिर्फ एक नाटक है। आज वो किसके लिए सत्याग्रह कर रहे है उस सत्य के लिए जो उन्होंने विदेशों में जाकर भारत के बारे में बोला है या उस सत्य के लिए।
पानीपत, जागरण संवाददाता। भाजपा की राष्ट्रीय सचिव एवं दिल्ली की सह प्रभारी डा. अलका गुर्जर ने कांग्रेस के सत्याग्रह पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि ये सत्याग्रह बस एक नाटक है।
डा. अलका गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस का ये सत्याग्रह सिर्फ एक नाटक है। आज वो किसके लिए सत्याग्रह कर रहे है, उस सत्य के लिए जो उन्होंने विदेशों में जाकर भारत के बारे में बोला है या उस सत्य के लिए भारत जोड़ो की बात देश में करते हैं और भारत तोड़ो की बात विदेश में करते हैं। आज कांग्रेस खुद भ्रमित है। लीडरशिप क्राइसिस वहां पर चल रहा है। बार- बार न्यूज़ में आने के लिए ऐसी बात करते है, लेकिन देश के लोग ऐसी बातें पसंद नहीं करते हैं।
कांग्रेस जब खत्म होने लगती है, तो लोकतंत्र याद आता है
डा. अलका ने गांव पट्टीकल्याणा में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत की । इस दौरान कांग्रेस के लोकतंत्र की हत्या संबंधित सवाल पर डा. अलका ने कहा कि जब जब कांग्रेस खत्म होने लगती है, तब तब उसे लोकतंत्र याद आने लगता है। जिन लोगों ने इमरजेंसी यहां पर लगाई, जिन लोगों ने लोगों के बोलने के अधिकार को समाप्त किया, उनके द्वारा लोकतंत्र की हत्या की बात करना हास्यापद है।
केजरीवाल युवाओं को शराब के दलदल में धकेल रहे
दिल्ली शराब घोटाले पर पर डा. अलका ने कहा कि केजरीवाल सिर्फ प्रेस में आने के अलावा कुछ नहीं करते है। उनका मीडिया का बजट ही 65 हजार करोड़ से ज्यादा का है। वो सिर्फ दिल्ली को शराब में धकेल आने वाली पीढ़ी को बर्बाद करने का काम कर रहे थे। अब भ्रष्टाचार साबित हो चुका है। दिल्ली की जनता समझ चुकी है। उनके कहने का अब कोई अर्थ नहीं है।
2024 में लोकसभा चुनाव की तैयारी है तेज
उन्होंने वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव की तैयारी पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी संगठन और कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। हमें पूरी उम्मीद है कि वर्ष 2024 में भी भाजपा वर्तमान सीटों से ज्यादा सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ परचम लहराएगी। क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी का नेतृत्व इस तरह का है, जो देश को बहुत आगे लेकर जा रहा है। विश्व में हमारा परचम लहरा रहा है।
इस मौके पर भाजपा की निगम पार्षद रेनू चौधरी. भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संजय छौक्कर, विक्रम जैलदार, रविंद्र छौक्कर, विधू रावल, कृष्ण किवाना, दुष्यंत वर्मा, विक्रम वर्मा आदि मौजूद रहे।