खेत में नहरी पानी के लिए चले हथियार, सेवानिवृत्त एएसआइ सहित नौ लोग घायल
पानीपत में खेत में पानीपत को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष ने हथियार निकाल लिए। विवाद इतना बढ़ गया कि सेवानिवृत्त एएसआइ सहित नौ लोग घायल हो गए।
पानीपत, जेएनएन। लॉकडाउन के बीच इसराना के गांव में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष हथियार ले आया और दूसरे पर वार कर दिया। इसमें सेवानिवृत्त एएसआइ सहित नौ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसराना भाऊपुर गांव में खेत की नहरी पानी को लेकर हुए झगड़े में दो पक्षों में जमकर गंडासी और डंडे चले। इसमें सेवानिवृत्त एएसआइ सहित दोनों पक्षों के नौ लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों के 19 लोगों पर मामला दर्ज किया है। वहीं, गांव में तनाव है।
नहर पानी के लिए विवाद
पुलिस से सेवानिवृत्त रमेश चंद्र ने पुलिस को शिकायत दी कि छोटा भाई सतनारायण शनिवार शाम 5:15 बजे नहर का पानी देने के लिए खेत में गया था। पड़ोसी सुनील ने भाई व उसके नौकर के साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उसने भाई को कहा कि इस बारे में सुनील के स्वजनों से सुबह बात करेंगे।
पीजीआइ रेफर कर दिया
इसी दौरान उसके बेटे रविंद्र और वजीर खेत में पानी लगाकर पैदल घर लौट रहे थे। रास्ते में दोनों पर साहिल, सचिन, सुनील, सतीश, राजेंद्र, लोकेश, सुनील की पत्नी मुकेश, सतीश की पत्नी और ईश्वर ने गंडासी व धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपितों ने पत्नी दर्शना पर भी गंडासी से वार किए। स्वजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें डॉक्टरों ने पीजीआइ रोहतक रेफर किया। बाद में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
घर में घुसकर हमला किया, पुलिस की दिखाते हैं धौंस
वहीं, साहिल ने पुलिस को शिकायत दी कि वह, पिता सुनील और भाई सचिन के साथ खेत में फसल में पानी लगा रहा था। वहां पर सतनारायण के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वे घर लौट आए थे। वह घर पर 74 वर्षीय दादा ईश्वर के साथ बैठा था। इसी दौरान सतनारायण, अंकित, रमेश, वजीर, बिंद्र, संजय, अंशुल, दलबीर और सतनारायण की पत्नी सुनीता ने उसे व उनके दादा ईश्वर पर गंडासी व डंडों से हमला किया। आरोपितों ने भाई सचिन, मां और ताऊ राजेंद्र को भी पीटा। राजेंद्र के दांत टूट गए और होंठ कट गया। साहिल ने आरोप लगाया कि वे सामान्य अस्पताल में रमेश ने रॉड से वार किया।
रमेश की शिकायत पर साहिल पक्ष के नौ और साहिल के बयान पर रमेश पक्ष के 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
अशोक कुमार, कार्यकारी प्रभारी, थाना इसराना