Dhanteras 2021: धनतेरस व दीपावली को लेकर बाजारों में खूब खरीदारी, इन चीजों की है अच्छी डिमांड
Dhanteras 2021 बाजार त्योहार में ज्यादा बिकने वाले सामान से सज गए हैं। लोग त्योहार के लिए जरूरी सामान की खरीदारी ज्यादा कर रहे हैं। सुबह से शाम तक बाजार में भीड़ रहती है। दुकानदारों के अनुसार कोरोना से पिछले वर्ष कामकाज प्रभावित था।
जींद, जागरण संवाददाता। Dhanteras 2021: धनतेरस व दीपावली उत्सव पर इस बार दुकानदारों को अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। लोगों में भी खरीदारी को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। बाजार त्योहार में ज्यादा बिकने वाले सामान से सज गए हैं। लोग त्योहार के लिए जरूरी सामान की खरीदारी ज्यादा कर रहे हैं। सुबह से शाम तक बाजार में भीड़ रहती है। दुकानदारों के अनुसार कोरोना से पिछले वर्ष कामकाज प्रभावित था, लेकिन इस बार धनतेरस और दीपावली से पहले ही 25 करोड़ रुपये के आसपास कारोबार पहुंच चुका है। दीपावली तक 200 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार रहने का अनुमान है।
दुकानदारों का कहना है कि अगले चार दिनों तक बाजार में ओर ज्यादा खरीद की उम्मीद है। हालांकि बाजार में इस बार स्वदेशी सामान की ज्यादा डिमांड है, जिस कारण बाजार से चीन से बना सामान गायब हो गया है। बाजारों में बिजली की दुकानों पर इस बार चीन की बनी लड़ियां नहीं है। बिजली का सामान पर दुकानदार त्योहार को लेकर एक से पांच हजार रुपये की छूट दे रहे हैं। त्योहार को लेकर एलइडी, वाशिंग मशीन, फ्रीज की लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। कपड़ों की दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ लगी रही है।
गोल्डन पालिस के सिक्के है ज्यादा: संदीप
आभूषण दुकानदार संदीप ने बताया कि इस बार बाजार में चांदी की रंगीन भगवान की मूर्तियां आई हुई हैं, जिन्हें लोग खरीद रहे हैं। ये मूर्तियां पांच हजार से 50 हजार रुपये की कीमत में बेची जा रही है। लोग अपने घरों के मंदिरों में रखने के लिए मूर्तियां खरीद रहे हैं। वहीं इस बार गोल्डन पाेलिस हुए सिक्के भी बाजार में आए हुए हैं। ये सिक्के 500 रुपये से 15 हजार रुपये तक मिल रहे हैं। अंगूठी, कंगन व हार की भी खरीदारी हाे रही है। चांदी में महिलाएं चुटकी सबसे ज्यादा खरीद रही है।
बर्तनों की हो रही खूब खरीदारी: मंगल
बर्तन दुकान के मालिक मंगला ने बताया कि लोग भारी संख्या में बर्तन खरीदने के लिए आ रहे हैं। ज्यादातर लोग घरों के लिए प्लेट, गिलास, कटोरी, थाली ही खरीद रहे हैं। इन सभी चीजों में हर बार कुछ ना कुछ नया डिजाइन आते रहते हैं। बर्तनों के दामों में इजाफा हुआ है। उसके बाद भी छूट दी जा रही है। लाखों रुपये का कारोबार बर्तनों का हो चुका है।
कपड़ा व्यापार में आया है उछाल: रिंकू
कपड़ा व्यापारी रिंकू गोयल ने बताया कि कपड़ा व्यापार में उछाल आया है। शूट की मांग बढ़ी है। साड़ियों को महिलाएं कम खरीद रही है। पिछले साल से 30 प्रतिशत तक काम बढ़ा है। अगले चार दिनों तक ओर काम बढ़ने की संभावना है। दीपावली तक अच्छी सेल होने की संभावना है। पांच से छह करोड़ के बीच अब तक कपड़ा व्यापार बाजार में हो चुका है। 50 से ज्यादा दुकानें है। महिलाएं डिजाइनिंग सूट सबसे ज्यादा खरीद रही है।
इलेक्ट्रिक वाहनों की डिमांड
पेट्रोल के रेट 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच चुके हैं। जिसके चलते इलेक्ट्रिक स्कूटी व बाइक की मांग बढ़ी है। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के कई शोरूम खुल चुके हैं। धनतेरस पर स्कूटी, कार व अन्य वाहनों की खरीद के लिए लोगों ने एडवांस बुकिंग कराई हुई है।