बिंझौल में बनेगा बेसहारा पशुओं का आशियाना
संजीव गुप्ता, पानीपत पशु अब बेसहारा नहीं रहेंगे। बिंझौल गांव में उनके लिए आशियाना बनाया जा
संजीव गुप्ता, पानीपत
पशु अब बेसहारा नहीं रहेंगे। बिंझौल गांव में उनके लिए आशियाना बनाया जाएगा। यहां उनके लिए बाड़ा ही नहीं, मौसम से बचाव के लिए शेड भी होगा। गुड़गांव के बाद पानीपत में यह प्रदेश भर का दूसरा आशियाना होगा।
गौरतलब है कि गोवंश सड़कों पर मारा मारा फिरता रहता है। रात को तो ये अक्सर दुर्घटना का भी सबब बनते हैं। नगर निगम और प्रशासन के आगे समस्या यह आती है कि इन्हें पकड़ कर भी लेकर कहां जाएं। यही वजह है कि अब इनके लिए भी आशियाना बनाने का निर्णय लिया गय है।
जागरण से बातचीत में निगमायुक्त वीना हुड्डा ने बताया कि बिंझौल गांव में निगम की दो ढाई एकड़ जमीन खाली पड़ी है। यहीं पर गोवंश खासकर आवारा सांड़ों के लिए एक आशियाना बनाने का निर्णय लिया गया है। यहां चहारदीवारी कराकर बाकायदा शेड भी डलवाए जाएंगे और उनके खाने के लिए खोर भी बनवाई जाएंगी।
जिला उपायुक्त डॉ. चंद्रशेखर ने बताया कि इस आशियाने के बनने से आवारा पशुओं का भी रखरखाव हो सकेगा और राहगीरों व वाहन चालकों को भी सुविधा रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि आशियाना नगर निगम तैयार करेगा किंतु इसके रखरखाव का जिम्मा स्वयंसेवी संस्थाओं और समाजसेवी लोगों का रहेगा। इस दिशा में शहर के कुछ प्रमुख समाजसेवियों के साथ एक बैठक हो चुकी है, जल्द ही सब कुछ फाइनल हो जाएगा।
बॉक्स-1
गुड़गांव में भी है ऐसा आशियाना
आवारा पशुओं के लिए गुड़गांव में भी सरकारी स्तर पर एक आशियाना बनाया गया है। पानीपत में संभवतया प्रदेश का दूसरा ऐसा आशियाना होगा। इसमें नगर निगम और प्रशासन दोनों की ही भागीदारी रहेगी। हालांकि कुछ वर्ष पूर्व समालखा में फायर ब्रिगेड के कार्यालय परिसर में लकड़ी का ढांचा खड़ा कर आवारा पशुओं के लिए अस्थायी व्यवस्था की गई थी लेकिन वहां अभी तक इसका प्रयोग ही नहीं किया जा सका।