डिप्टी सीएम चौटाला ने कहा, देश में हरियाणा एकमात्र एक ऐसा राज्य जहां सरसों की फसल की खरीद शुरू की
पूर्व सीएम दुष्यंत चौटाला ने सरसों की खरीद का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का एकमात्र ऐसा राज्य है जहां सरसों की खरीद शुरू हुई।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। देशभर में हरियाणा एकमात्र एक ऐसा राज्य है, जिसने इस महामारी में सरसों की फसल की खरीद शुरू की है। प्रदेश सरकार ने किसानों के हित में न केवल सरसों की खरीद शुरू की बल्कि सरसों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) भी लागू किया। कांग्रेस नेता प्रदेश सरकार की फसल खरीद प्रणाली पर बोलने से पहले ये बताएं कि उनकी पार्टी की सरकार अन्य पंजाब, राजस्थान राज्य में है, वहां अब तक सरसों की खरीद क्यूं शुरू नहीं की गई। उक्त बातें उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहीं।
उन्होंने कहा कि जो लोग फसल खरीद प्रणाली पर सवाल उठा रहे वे मेरी फसल मेरा ब्यौरा योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करें, सरकार तय समय के अनुसार बकायदा उन्हें तीन दिन पहले मोबाइल पर संदेश के माध्यम से सूचित करके उनकी फसल खरीदेगी। इसी तरह बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सरकार 20 अप्रैल से गेहूं की खरीद करने जा रही है। इसके लिए आज उन्होंने मंडियों का दौरा कर अधिकारियों से तैयारियों का जायजा भी लिया है।
चौटाला ने कहा कि फसल खरीद में किसानों को कोई भी समस्या आड़े नहीं आने दी जाएगी। प्रदेश सरकार कोरोना महामारी से लडऩे के लिए हर चुनौतियों के लिए पूरी तरह से तैयार है। इस संकट की घड़ी में किसान व आढ़ती दोनों सरकार का सहयोग करें।
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला 15 अप्रैल से शुरु हुई सरसों फसल की खरीद का औचक निरीक्षण करने के लिए अंबाला की शहजादपुर स्थित अनाज मंडी का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को किसानों की फसल खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के आदेश दिए। उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों की समस्याएं सुनते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि वे निश्चिंत रहे कि सरकार किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदेगी जिसके लिए फसल खरीद की बेहतर व्यवस्था स्थापित की गई है।
साथ ही दुष्यंत चौटाला ने अधिकिरियों से बातचीत कर आगामी गेहूं खरीद की तैयारियों का जायजा भी लिया। डिप्टी सीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि वे मंडियों में आने वाले किसानों व श्रमिकों के लिए सैनिटाइजर, मास्क, पेयजल आदि व्यवस्थाओं में काई कमी नहीं आने दें। मंडी में सभी शारीरिक दूरी का ध्यान जरूर रखें। मौजूदा हालात व तमाम व्यवस्थाओं को समझकर उसे पूरा दुरस्त करते हुए 160 से ज्यादा मंडियों में 15 अप्रैल से सरसों फसल की खरीद शुरू करवाई गई है। इस बार सरसों की खरीद के लिए 67 मंडियों से बढ़ाकर 162 मंडियां बनाई गई है। फसल खरीद के लिए आईटी विभाग का भी पूरा प्रयोग किया है। इसके साथ-साथ इस संकट के समय में फसल खरीद के लिए अन्य विभाग के कर्मचारी भी किसानों की मदद के लिए तत्पर है।