Dengue Alert: यमुनानगर में डेंगू का खतरा बढ़ा, 20 नए मामले सामने, अस्पतालों में बेड की कमी
यमुनानगर में डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। लगातार मरीज बढ़ रहे हैं। वायरल ने भी मरीजों की परेशानी बढ़ाई हुई है। मरीजों की प्लेटलेट गिर रही है। जिससे प्लेटलेट की भी मांग बढ़ गई है। सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक की बात करें।
जागरण संवाददाता, यमुनानगर। यमुनानगर में डेंगू का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। निजी अस्पतालों से लेकर सरकारी अस्पतालों तक में बेड फुल हो चुके हैं। सिविल अस्पताल के ट्रामा सेंटर में हालात यह है कि एक बेड पर दो-दो मरीज लिटाए गए हैं। वीरवार को भी जिले में 20 नए मरीज मिले हैं। अब डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 107 पर पहुंच गई है। रोजाना 200 से 250 मरीज वायरल के सिविल अस्पताल में आ रहे हैं। इनकी भी डेंगू की आशंका को देखते हुए टेस्ट कराए जा रहे हैं।
प्लेटलेट की मांग बढ़ी
एक माह से जिले में डेंगू का प्रकोप फैला हुआ है। लगातार मरीज बढ़ रहे हैं। वायरल ने भी मरीजों की परेशानी बढ़ाई हुई है। मरीजों की प्लेटलेट गिर रही है। जिससे प्लेटलेट की भी मांग बढ़ गई है। सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक की बात करें, तो यहां से रोजाना 30 से 35 यूनिट प्लेटलेट की मरीजों को दी जा रही है। वही निजी अस्पतालों में भी प्लेटलेट की जरूरत पड़ रही है। रक्तदानी संगठन मरीजों के लिए सेवा कर रहे हैं। स्माइल फाउंडेशन के प्रधान संजीव मेहता का कहना है कि रोजाना 100 से 150 काल प्लेटलेट के लिए आ रही है। संगठन के सदस्यों के साथ मिलकर मरीजों के लिए व्यवस्था कराई जा रही है।
यहां पर मिले डेंगू के मरीज
छछरौली में दो, साढौरा, मलिकपुर, प्रोफेसर कालोनी, सावनपुरी, सारण, बकाना, उर्जनी, टोपरा कलां, मेहरामपुर, लालद्वारा, दुर्गा कालोनी, अर्जुननगर, रामपुर खादर, चूना भट्टी, खदरी में नए डेंगू के मरीज मिले हैं। इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार सर्वे कर रही है। लोगों के घरों में जमा पानी की जांच की जा रही है और उन्हें बचाव के बारे में बताया जा रहा है।
छह हजार लोगों काे दिए नोटिस
जिला मलेरिया अधिकारी डा. वागीश गुटैन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग छह हजार घरों को नोटिस दे चुका है। यहां पर डेंगू का लारवा पाया गया है। लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वह अपने घरों में पानी एकत्र न होने दें। नियमित सफाई करते रहे। तभी डेंगू से बचाव हो सकेगा।