कुरुक्षेत्र में उतर प्रदेश और दिल्ली से आए युवकों ने मजार में की तोड़फोड़, 8 को ग्रामीणों ने पकड़ा
कुरुक्षेत्र में उतर प्रदेश और दिल्ली से आए युवकों ने गीता स्थली पर पीर की मजार में तोड़फोड़ की। विरोध करने पर सेवक को मारने के लिए दौड़े आरोपित। ग्रामीणों को देख भागने लगे आठ आरोपितों को ग्रामीण ने दबोचा। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया।
कुरुक्षेत्र, जागरण संवाददाता। कुरुक्षेत्र में गीता जन्म स्थली ज्योतिसर पर स्थित झील वाले पीर की मजार पर शुक्रवार को आठ गाड़ियों से उत्तर प्रदेश व एनसीआर से आए युवकों ने तोडफ़ोड़ की। मजार को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया।
मजार पर तोड़फोड़ होती देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को देख आरोपित फरार होने लगे, लेकिन आरोपितों की एक गाड़ी स्टार्ट नहीं हुई। इसमें सवार आठ युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। युवकों और ग्रामीणों के बीच हाथापाई भी हुई। इसमें पांच युवकों को चोटें भी आई हैं। पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
हथौड़ों व ड्रिल से तोड़ रहे थे मजार
ज्योतिसर निवासी महेंद्र सिंह ने केयूके थाना पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह गांव में झील वाले परी की मजार की देखरेख करता है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे उसे सूचना मिली कि कुछ लोग हथौड़ों व ड्रिल से मजार तोड़ रहे हैं। वह ग्रामीणों के साथ मजार पर पहुंचा तो काफी लोग मजार तोड़ रहे थे। आरोपितों के पास कट्टा, तलवार, लोहे के पाइप, हथौड़े थे। एक युवक के हाथ में पिस्टल था। उन्होंने मजार तोड़ने का विरोध किया तो आरोपित हथियार लेकर मारने के लिए दौड़े। इस पर उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीण जमा हो गए।
ये युवक पकड़े गए
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम पानीपत के गांव बाबरपुर निवासी रामबीर सिंह, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के राजनगर निवासी राहुल त्यागी व सोनू, बहादुरगढ़ के छोटूराम नगर निवासी शिवराम विश्वकर्मा, गाजियाबाद के साहिबाबाद निवासी अनिल नागर, सोनीपत के लिवाशपुर निवासी संदीप, लाडवा निवासी संदीप कुमार, दिल्ली के बुराड़ी निवासी अमित बताए हैं।