करनाल में लहूलुहान हालात में मिला युवक का शव, सनसनी
करनाल में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में मिला है। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र 28 साल बताई जा रही है। मृतक गांव राव का रहने वाला बताया जा रहा है। युवक रात करीब दस बजे निकला था।
करनाल, जागरण संवाददाता। करनाल के गांव शेखपुरा सोहाना के समीप कर्ण विहार रोड पर एक युवक का शव लहूलुहान अवस्था में बरामद हुआ। मृतक की पहचान करीब 28 वर्षीय सागर वासी गांव रावर के तौर पर हुई। हादसे में ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
गांव के लोग जब सुबह खेतों की ओर से निकले तो कर्ण विहार रोड पर एक युवक का शव पड़ा हुआ देखा, जिसके सिर से खून बहा दिख रहा था। पुलिस व फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवाया। मृतक के दाहिने हाथ पर लोकी लिखा हुआ था। बाद में उसकी शिनाख्त सागर के तौर पर हुई और उसके स्वजन मोर्चरी हाउस पहुंचे। उन्होंने बताया कि सागर कर्ण गेट मार्केट में कपड़े की एक दुकान पर काम करता था। वह गत रात करीब 10 बजे घर से निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चल पा रहा था। मोर्चरी हाउस पहुंचे तो शव सागर का ही पाया गया। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि उसकी मौत कैसे हुई। सेक्टर 32-33 थाना एसएचओ जितेंद्र ढिल्लो का कहना है कि सागर की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही चलेगा, लेकिन प्रारंभिक तौर पर हादसे की आशंका है। शव का बुधवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।