गोवंशियों की सुरक्षा और संरक्षा की ली शपथ, स्कूल से लेकर निजी संस्थानों के लोगों ने बढ़ाए हाथ, देखें तस्वीरें
Dainik Jagran Go gras campaign गोवंशियों की सुरक्षा और संरक्षा के लिए पानीपत के लोग सामने आए। गो ग्रास के लिए स्कूलों से लेकर निजी संस्थानों खिलाड़यों ने एकजुट होकर संकल्प लिया। मेयर विधायक निगम कर्मी भी आगे आए।
पानीपत, जागरण संवाददाता। दैनिक जागरण के गो ग्रास संकल्प अभियान के तहत शनिवार को जिलावासी गोवंशियों की सुरक्षा व सुरक्षा व संरक्षा की शपथ ली। इस अभियान में सरकारी व निजी स्कूल, संस्थाएं, रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन, अन्य संस्थान व राजनीतिक लोग शामिल हुए।
सुबह सात बजे शहर के सदानंद बाल विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल और आठ बजे डीएवी पुलिस लाइन स्कूल में शपथ दिलाई गई। वहीं अब, शाम को पांच बजे मुख्य कार्यक्रम शिवाजी स्टेडियम में किया जाएगा, जिसमें शहर विधायक प्रमोद विज, नगर निगम मेयर, पार्षद, खेल अधिकारी प्रदीप पालीवाल, कोच, खिलाड़ी और शहर के प्रबुद्ध लोग गो संरक्षण का संकल्प लेंगे।
दैनिक जागरण के गो ग्रास संकल्प अभियान का पानीपत जिले में राजकीय से लेकर निजी शिक्षण संस्थानों का जोरदार समर्थन मिला। शनिवार को सुबह ही प्रार्थना सभा के दौरान स्कूल प्रिंसिपल व शिक्षकों ने बच्चों को अभियान से अवगत कराने के साथ साथ गोवंश की सुरक्षा व संरक्षा की शपथ दिलाई। वहीं बच्चों ने भी घर में सबसे पहले गाय को लेकर रोटी निकालने के अलावा चारे का प्रबंध करने व अन्य लोगों को भी जागरूक करने का विश्वास दिलाया। बच्चों ने गो सेवा पर अपने अपने विचार भी रखे।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल जाटल के प्रिंसिपल राकेश बूरा ने कहा कि दैनिक जागरण ने गो ग्रास संकल्प को लेकर शानदार पहल की है। इससे समाज में गोवंश के प्रति जागृति आएगी। समाज के वृद्ध इससे जुड़े हैं, लेकिन युवाओं को भी जोड़ने की अहम जरूरत है। इसमें ये अभियान एक अच्छी पहल साबित होगा।
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बबैल की प्रिंसिपल मीनाक्षी शर्मा व अर्थ शास्त्र के प्राध्यापक अजेंद्र कुंडू ने कहा कि आज के दौर में गोवंश की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। गोशालाओं में चारे का संकट बना हुआ है। ऐसे हालात में दैनिक जागरण ने अभियान चलाकर गोवंश की सुरक्षा व संरक्षा के प्रति समाज में जागृति लाने का प्रयास किया है। जो सराहनीय है।
राजकीय माडल संस्कृति प्राथमिक पाठशाला रजापुर की हेड टीचर ज्योति अरोड़ा ने कहा कि दैनिक जागरण ने गो ग्रास अभियान के जरिये समाज में गोवंश के प्रति जागरूकता व उसकी स्थिति में सुधार को लेकर अच्छा काम किया है। इस अभियान से बड़े से लेकर बुजुर्गों में और जागरूकता बढ़ेगी। हम सभी को गाय की रोटी निकालने के साथ समय समय पर गोशालाओं में दान करना चाहिए।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला बिहोली के हेड टीचर सुरेंद्र राठी ने कहा कि दैनिक जागरण ने पहले गोशाला में चारे के संकट की समस्या को उठाने का काम किया। अब समाज में जागृति लाने का जो अभियान शुरू किया है। वो अच्छी पहल है। हम सभी को उक्त अभियान का हिस्सा बनकर गोवंश के हित के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने बच्चों को गो सेवा के महत्व व संस्कृति के बारे में बताया।
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल पुलिस लाइन की प्रिंसिपल अनुपमा सिन्हा ने कहा कि गाय हमारी राष्ट्रीय प्राचीनतम संस्कृति व जीवनशैली का प्रतीक है। हमारा समाज गाय आधारित रहा है। इसलिए गाय को पूजनीय माना जाता है। गो पालन व सेवा समग्र सामाजिक प्रयास होना चाहिए। गो सेवा को लेकर अच्छे कार्य करने व युवा को जोड़ने की जरूरत है। इससे उनमें गो सेवा का संस्कार विकसित होगा। दैनिक जागरण का ये शानदार प्रयास है।
इन स्कूलों व एसोसिएशनों का सहयोग
ग्रो ग्रास संकल्प अभियान में सेक्टर-18 रेजीडेंस वेलफेयर एसोसिएशन, पतंजलि योग समिति, पानीपत, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिवाह, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल किशनपुरा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बुआना लाखू, समालखा क्षेत्र के हरेकृष्णा इंटरनेशनल स्कूल गढ़ीछाजू, गीता सीसे स्कूल जौरासी रोड, जीवीएम स्कूल माडल टाउन, ग्रीन हैरिटेज स्कूल नारायणा रोड, माडर्न शिक्षा सदन, देहरा, आदर्श पब्लिक स्कूल, देहरा, आशादीप हाई स्कूल और करहंस हिमगिरी पब्लिक स्कूल जुड़े।
दैनिक जागरण का गो ग्रास अभियान से गोवंश को लाभ होगा। अभियान से आमजन जरूर जागरूक होकर चारे की व्यवस्था भी कराएगा। हम सभी को गाय के लिए पहली रोटी जरूर निकालनी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्र में आज भी बुजुर्ग रोटी खाने से पहले पहली रोटी गाय को खिलाते है। लेकिन यह परंपरा शहरी क्षेत्र में टूटती जा रही है। इसे दोबारा शुरू करने का जिम्मा दैनिक जागरण ने उठाया है। इस अभियान के साथ हम जुड़े रहेंगे।
अवनीत कौर, मेयर, नगर निगम
हंिदूू धर्म में गाय को माता दर्जा प्राप्त है। युवा पीढ़ी संकल्प ले तो फिर से गाय को घर-घर में पूजा जाएगा। गोवंश के चारे व पानी की व्यवस्था की जाए। इसके लिए सभी ने मिलकर प्रयास करना होगा। आसपास घूम रहे गोवंश को सहारा भी दिया जाए।
यशेन्द्र सिंह, नगर निगम कमिश्नर
दैनिक जागरण का गो ग्रास संकल्प अभियान एक सराहनीय प्रयास है। सभी को उक्त अभियान का हिस्सा बनकर आने वाली पीढ़ियों को गो ग्रास के प्रति प्रेरित करना चाहिए। गाय हमारी पूजनीय है। हर घर में पहली रोटी गाय की निकालने के साथ उसके लिए हमें चारे की व्यवस्था करने का भी काम करना चाहिए। हमारा प्रयास रहेगा की स्कूलों में बच्चों को गो सेवा के प्रति जागरूक करें।
बृजमोहन गोयल, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, पानीपत
गाय की सेवा को सबसे बड़ी सेवा माना गया है। सभी मिलकर प्रयास करें तो गोवंश के लिए चारे का प्रबंध हो सकता है। दैनिक जागरण द्वारा शुरू की गई इस मुहिम के साथ प्रदेश में एक अच्छा संदेश जाएगा। लोग गोवंश को संरक्षित करने में भी योगदान दें। इस बारे में आसपास के लोगों को भी प्रेरित किया जाएगा। गायों की सेवा हमारी संस्कृति रही है। हमारे बड़े-बुजुर्ग खाना बनाते समय पहली रोटी गाय के लिए रखते ते।
प्रमोद विज, विधायक, पानीपत सिटी