Crime in Yamunanagar: यमुनानगर में प्रेम विवाह करने वाले युवक पर घर में घुस कर हमला, युवती का किया अपहरण
गांव काठगढ़ निवासी अभिषेक के अुनसार वह हिमाचल प्रदेश के जिला पांवटा साहिब की सन फार्मा कंपनी में काम करता है। उसने कंपनी के साथ लगते गांव किशनपुरा में किराये पर कमरा लिया हुआ था। गांव की ही प्रीति स्कूल जाया करती थी।
यमुनानगर/बिलासपुर, जागरण, संवाददाता। 21 सितंबर को प्रेम विवाह करने वाले युवक के घर में घुस कर लड़की के परिजनों ने हमला कर दिया। हमलावर तीन कारों में आए थे। आरोपितों शादी करने वाले युवक के साथ बुरी तरह से मारपीट की। आरोप है कि हमलावर जाते समय युवक की भाभी के कानों से सोने की बालियां भी ले गए। इससे महिला के दोनों कानों पर चोट आई। इतना ही नहीं वह शादी करने वाली युवती का भी अपहरण करके ले गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार
गांव काठगढ़ निवासी अभिषेक ने थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के जिला पांवटा साहिब की सन फार्मा कंपनी में काम करता है। उसने कंपनी के साथ लगते गांव किशनपुरा में किराये पर कमरा लिया हुआ था। गांव की ही प्रीति स्कूल जाया करती थी। वर्ष 2017 से उसकी प्रीति से जान पहचान है। इसी दौरान वह एक दूसरे से बातचीत करने लगे।
अभिषेक ने बताया कि 21 फरवरी को उसके पास प्रीति का फोन आया कि उसके परिजन उसे बहुत परेशान कर रही है। इसलिए वह घर से भाग कर आ गई है। यदि उसने उसके साथ शादी नहीं की तो वह जहर खाकर मर जाएगी। इस पर उसने अगले ही दिन प्रीति से जगाधरी शिव मंदिर में शादी कर ली। तब से दोनों गांव काठगढ़ में ही रह रहे थे।
तीन कारों में युवती के परिजन
अभिषेक ने बताया कि दाेपहर के समय वह घर में प्रीति, भाभी सुमन व ताई नीलम रानी के साथ बैठा था। इसी दौरान प्रीति का पिता राजेश कुमार, भाई रमन कुमार तीन कारों में 20-25 लोगों के साथ घर में घुस गए। उनके हाथों में डंडे व हथियार थे। आते ही सभी ने उसके साथ मारपीट कर दी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। भाभी सुमन उसे छुड़ाने के लिए बीच में आई तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। इतना ही नहीं उसके दोनों कानों से बालियों को झटक लिया। जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गई। उन्होंने घर में रखे सामान में तोड़फोड़ की। आरोपित उसकी पत्नी प्रीति को जबरदस्ती वहां से उठा ले गए और उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए।
केस दर्ज कर लिया है : सतपाल सिंह
जांच अधिकारी एएसआइ सतपाल सिंह का कहना है कि अभिषेक की शिकायत पर आरोपितों के खिलाफ मारपीट, अपहरण, जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।