दो साल पहले गोदाम में हुई थी केरोसीन कारोबारी की हत्या, हत्यारे पुजारी और उसके साथी को उम्रकैद
यमुनानगर में केरोसीन कारोबारी के हत्यारे पुजारी व उसके साथी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। 18 फरवरी 2018 को फर्कपुर थाना क्षेत्र में रटौली रोड पर विवेक विहार कालोनी में बने केरोसीन के गोदाम में 68 वर्षीय सरदारा राम सैनी की हत्या कर दी गई थी।
पानीपत/यमुनानगर, जेएनएन। यमुनानगर स्थित रटौली रोड पर केरोसीन तेल के कारोबारी प्रोफेसर कालोनी निवासी सरदारा राम सैनी के हत्यारे पुजारी नेत्रपाल व उसके साथी शुभम को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। हत्यारों ने 20 हजार रुपये, अंगूठी, एलईडी व अन्य सामान भी लूटा था। यह फैसला जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल की कोर्ट ने सुनाया। अधिवक्ता केबी मेहता, एमआर अनेजा व संजीव कुमार ने बताया कि केस के दौरान 24 लोगों की गवाही हुई।
18 फरवरी 2018 को फर्कपुर थाना क्षेत्र में रटौली रोड पर विवेक विहार कालोनी में बने केरोसीन के गोदाम में 68 वर्षीय सरदारा राम सैनी की हत्या कर दी गई थी। 19 फरवरी की सुबह उनका बेटा अनिल कुमार यहां ड्राइवरों के साथ पहुंचा था। जब अंदर से गेट नहीं खुला, तो अनिल ने पिता सरदारा राम के मोबाइल पर कॉल की। फोन बंद आने के बाद वह गेट फांदकर अंदर गया, तो खून से लथपथ सरदारा राम सैनी का शव पड़ा हुआ था। पुलिस को दी शिकायत में अनिल ने बताया था कि पिता के सिर, मुंह व शरीर के अन्य हिस्सों पर तेजधार हथियार से वार कर उसके पिता को मारा गया था।
गोदाम में पुजारी व उसके साथी ने की थी हत्या
वारदात की तफ्तीश डिटेक्टिव स्टाफ ने की थी। तफ्तीश में सामने आया कि सरदारा राम सैनी ने गोदाम के अंदर ही एक मंदिर बना रखा था। इसमें हैबतपुर निवासी नेत्रपाल को पुजारी रखा था। मंदिर में आसपास क्षेत्र के लोग भी पूजा के लिए आते थे। जिससे पुजारी को आमदनी होती थी। यहीं पर वह पत्नी के साथ रहता था। पुजारी के पास ही हरगोबिंदनगर में किराये पर रहने वाला लुधियाना निवासी शुभम का आना जाना था। जब वारदात हुई थी, तो पुजारी गायब मिला था। जिससे उस पर शक हुआ। बाद में पुलिस ने पुजारी को पकड़ा और उससे पूछताछ की, तो उसने सारी बात उगल दी। पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद शुभम को भी पकड़ा। दोनों की निशानदेही पर लूटा गया सामान और हत्या में प्रयोग किया गया गंडासा, बाइक भी बरामद हुआ था।