पार्षद डावर ने ग्रामीण विधायक के पहुंचने से पहले तोड़ा नारियल
भाजपा में शामिल होने वाली वार्ड-22 की निर्दलीय पार्षद चंचल डावर ने अब भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने दत्ता कॉलोनी में ग्रामीण हलका विधायक के पहुंचने से पहले 10 लाख की लागत से लगने वाले ट्यूबवेल का नारियल तोड़कर काम शुरू करा दिया।
जागरण संवाददाता, पानीपत : भाजपा में शामिल होने वाली वार्ड-22 की निर्दलीय पार्षद चंचल डावर ने अब भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने दत्ता कॉलोनी में ग्रामीण हलका विधायक के पहुंचने से पहले 10 लाख की लागत से लगने वाले ट्यूबवेल का नारियल तोड़कर काम शुरू करा दिया। चंचल ने कहा कि ट्यूबवेल उनकी मेहनत का परिणाम है। सरकार को विकास कार्यो में सहयोग करना होगा। ऐसा नहीं होता है तो वह सरकार के खिलाफ टेंट लगाने को तैयार है।
चंचल डावर और उनके पति योगेश डावर रविवार सुबह 10 बजे कॉलोनी स्थित खेड़े पर पहुंचे। पंडित भगवत व्यास ने मंत्रोच्चारण कर ट्यूबवेल लगाने का काम शुरू कराया। पार्षद चंचल डावर ने कहा कि वार्डवासियों ने उन्हें जीता कर नगर निगम सदन में भेजा है। वह उनकी आभारी हैं। वार्ड की हर कॉलोनी में एक समान विकास कराया जाएगा। कॉलोनीवासियों ने बताया कि कॉलोनी का ट्यूबवेल खराब हो गया था। गत तीन महीने से पेयजल की समस्या गंभीर बनी हुई थी। ट्यूबवेल लगने के बाद पेयजल की समस्या दूर होगी।
पार्षद भाजपा में शामिल हो रही थी
वार्ड-22 पार्षद चंचल डावर गत दिनों शहरी विस की विधायक रोहिता रेवड़ी के समर्थन में भाजपा में शामिल हो रही थी। कच्चा कैंप में कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। लेकिन भाजपा विधायकों के कार्यक्रम में न पहुंचने पर असंध रोड पर जाम लगाया था। मतलौडा पुलिस ने पार्षद के समर्थकों पर मुकदमा दर्ज किया था।
पूजा कराने वाला पंडित भाजपा से टिकट का दावेदार
पंडित भगवत व्यास ने ट्यूबवेल लगाने की पूजा अर्चना की थी। उन्होंने मंत्रोच्चारण कर पार्षद और उनके पति को आशीर्वाद दिया था। हम बता दें कि पंडित भगवत व्यास ने अपनी पत्नी के लिए वार्ड-22 से भाजपा की टिकट मांगी थी। उन्होंने शक्ति प्रदर्शन भी किया था, लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिला।
विधायक का नहीं था कोई कार्यक्रम : पीए
ग्रामीण हलका विधायक महीपाल ढांडा के निजी सचिव देवेंद्र ने बताया कि विधायक का दत्ता कॉलोनी में ट्यूबवेल के उद्घाटन का कोई कार्यक्रम नहीं था। कार्यकर्ताओं ने अपने स्तर पर विधायक से संपर्क किया होगा।