सरकार की वादाखिलाफ पर गरजे निगम कर्मी
अंबाला शहर : विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, अंबाला शहर : विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम कर्मचारियों ने नगर पालिका सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले मंगलवार को दोपहर बाद नगर निगम में काम बंद कर जमकर नारेबाजी की। धरने-प्रदर्शन की अध्यक्षता प्रधान प्रदीप मचल ने की। प्रधान ने कहा कि 9 मई से लेकर 24 मई तक कर्मचारियों ने 11 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी। इसके बाद सरकार के आश्वासन पर ही यह हड़ताल समाप्त की गई। लेकिन 20 दिनों से ज्यादा का समय निकल चुका है अभी तक किसी भी मांग पर कोई भी विचार नहीं किया गया। मचल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 तक कर्मचारियों के साथ किए गए वादे सरकार ने पूरे नहीं किए तो फिर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इस दौरान दर्जनों कर्मचारी धरने पर मौजूद रहे।