गुरुद्वारे में भी जाती थी कोरोना पॉजिटिव महिला एएसआई, लगता था लंगर, अब खाना बनना हुआ बंद
कोरोना पॉजिटिव दिल्ली पुलिस के जवान की बहन महिला एएसआई रिपोर्ट आने से पहले गुरुद्वारे भी गई थीं। कोरोना पॉजिटिव की सूचना मिलते ही गुरुद्वारे का लंगर बंद कर दिया गया।
पानीपत, जेएनएन। दिल्ली पुलिस के कोरोना संक्रमित कांस्टेबल के संपर्क में आए परिवार के चार अन्य लोगों में भी कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हो गई है। इनमें कांस्टेबल की बहन महिला एएसआइ भी शामिल है, जो समालखा थाने में तैनात है। महिला एसएआई की रिपोर्ट आने के बाद से गुरुद्वारा श्रीगुरु गोबिंद सिंह में खाना बनना बंद हो गया है।
दरअसल, गुरुद्वारा में हर रोज सैकड़ों लोगों के लिए खाना बनता था। पुलिसकर्मियों के लिए चाय भी आती थी। कई बार महिला एएसआइ वहां चाय पीने के लिए भी गई। जैसे ही महिला एएसआइ के भाई के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की खबर आई तो वहां सहयोग दे रहे लोगों में भी डर छा गया। शनिवार को गुरुद्वारे में भी खाना भी नहीं बन सका। प्रधान गोपाल सिंह ने कहा कि एहतियात के तौर पर खाना नहीं बनाया गया।
पाइट में 32 लोगों को किया क्वारंटाइन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से पट्टीकल्याणा स्थित पाइट कॉलेज में भी बेड लगाए गए हैं। डिप्टी सीएमओ डॉ. सुधीर बतरा ने बताया कि पाइट में 32 लोगों को क्वारंटाइन में रखा गया है। अधिकतर सनौली व बापौली एरिया के है। जो यूपी व अन्य जगह में शादी में या किसी से मिलने के लिए गए थे। उन्होंने बताया कि चार लोगों के सैंपल भी लिए गए हैं। जिन्हें आइसोलेशन में रखा गया है।
20 पुलिस कर्मचारी किए गए क्वारंटाइन
महिला एएसआइ व उसके स्वजनों के सैंपल लिए गए, बल्कि ड्यूटी के दौरान उसके संपर्क में आए नाके व थाने में तैनात करीब 20 महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों को भी जांच के बाद पुलिस लाइन में क्वारंटाइन कर दिया गया। पुलिसटीम की कमी होने पर कस्बे में अन्य जगहों से कर्मियों को बुला तैनात किया गया है। डिप्टी सीएमओ डॉ. सुधीर बतरा ने बताया कि दिल्ली पुलिस में सिपाही भाई के पॉजिटिव मिलने पर महिला एएसआइ का भी सैंपल लिया गया है। अभी रिपोर्ट नहीं आई है।
ये है मामला
दिल्ली पुलिस के कोरोना संक्रमित कांस्टेबल के संपर्क में आए परिवार के चार लोग में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें कांस्टेबल की बहन महिला एएसआइ, 24 वर्षीय भाई, 62 वर्षीय पिता और 60 वर्षीय मां शामिल हैं। इन सभी को खानपुर रेफर किया गया है। सोनीपत के खुबड़ गांव में रहने वाला कांस्टेबल कुछ दिन पूर्व पुलिस लाइन में अपनी बहन से मिलने आया था। उसकी बहन समालखा थाने में तैनात है। एक दिन पहले ही कांस्टेबल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद उसके परिवार को सिविल अस्पताल लाया गया था। यहां से स्वाब सैंपल लेने के बाद इन्हें प्रेम अस्पताल में आइसोलेट कर दिया था। शनिवार को इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इन्हें खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दूसरी ओर प्रशासन ने समालखा थाने को पाइट कॉलेज में क्वारंटाइन कर दिया है। थाने की कमान एनडीपीएस स्टाफ के हवाले कर दी है।