कैथल में कोरोना के मिले नौ केस, कुल संक्रमितों की संख्या पहुंची 148
कैथल में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 150 से दो कदम दूर है। वहीं सोमवार को कैथल में नौ कोरोना संक्रमण के केस आए थे। अब कुल 43 एक्टिव केस हैं।
पानीपत/कैथल, जेएनएन। कैथल में सोमावर को कोरोना के नौ केस सामने आए हैं। अब संक्रमित केस कुल 148 हो गए हैं, वहीं एक्टिव केस 43 पहुंच गए हैं। अब तक 105 लोग कोरोना को हरा चुके हैं। 400 के करीब सैंपल सोमवार को हुए हैं। सभी को जांच के लिए भेजा गया है। जिले में संक्रमित केसों का आंकड़ा लगातार बढऩे से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
सिविल सर्जन डा. जयभगवान जाटान ने बताया कि जिले में कोरोना महामारी को रोकने के लिए विभाग पूरी तरह से गंभीर है। लोगों को महामारी के बचाव को लेकर जागरूक किया जा रहा है। रोजाना सैंपल सिविल अस्पताल में हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि राजौंद में 25 साल का युवक पॉजिटिव आया है, जो कुछ दिन पहले बिहार से लौटा था। डिफेंस कालोनी निवासी 38 साल का युवक निजी अस्पताल में लैब टेक्नीशियन है, उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। राजेंद्रा सेठ कॉलोनी में दो बुजुर्गों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
11 जुलाई को इस कालोनी का एक युवक पॉजिटिव आया था, इस संक्रमित युवक से संपर्क होने पर दोनों बुजुर्गो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। चिरंजीव कालोनी में युवती पॉजिटिव आई है। इसी प्रकार राजौंद के खेड़ी शेरखां गांव का 27 वर्षीय युवक मुम्बई से लौटा था, उक्त युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश से लौटा चूहड़माजरा गांव के युवक की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
25 साल का युवक मिला पॉजिटिव
सोमवार को फिर नगर के वार्ड नंबर तीन में एक युवक कोरोना पॉजिटिव मिला है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डा. रजनीश मल्होत्रा ने बताया कि वार्ड नंबर 3 के रहने वाले 25 वर्षीय युवक की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। 25 सात का युवक 28 जून को राजौंद से बिहार गया था जो 10 जुलाई को राजौंद वापस आया था। राजौंद पहुंचने के बाद उसे होम क्वारंटाइन किया गया और उसका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। जिसकी 13 जुलाई को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके संपर्क में आने वाले 15 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है।
चूहड़माजरा गांव में पॉजिटिव केस आने पर किया आइसोलेट
लगातार बढ़ रहे कोरोना के मरीजों की संख्या से लोग चिंतित हो रहे है। रविवार को एक युवक जडौला में पॉजिटिव पाया गया। आज चूहडमाजरा में एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उक्त युवक कैथल नागरिक अस्पताल में अपना टेस्ट करवाया था। जहां उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग ने उसे वहीं दाखिल कर लिया है। प्राथमिक केंद्र ढांड से डा. रॉकी अपनी टीम के साथ गांव में पहुंचे उसके परिवार के अन्य तीन सदस्यों में जिसमें उसकी एक लड़का व लड़की को होम क्वारंटाइन किया है।। चिकित्सक ने बताया कि पॉजिटिव युवक यूपी में दवाइयों का काम करता है जो 11 जुलाई को गांव में आया था।