पानीपत में एक ही दिन में 11 लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव, पत्रकार भी संक्रमित
Coronavirus Update पानीपत में एक दिन में सबसे ज्यादा कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं। 11 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित मिले हैं। इनमें से सात में कोरोना के लक्षण तक नहीं थे।
पानीपत, जेएनएन। Coronavirus ने एक दिन में ही पूरे पानीपत को झकझोर कर रख दिया। एक साथ 11 रिपोर्ट Coronavirus पॉजिटिव आते ही स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मचा है। कोरोना वायरस की चपेट में आए लोगों में तीन प्रिंट मीडिया और एक यू-ट्यूब चैनल के पत्रकार सहित सेक्टर-11 निवासी युवती और पहले पॉजिटिव आए लोगों के छह परिवार के लोग हैं। पानीपत में पॉजिटिवों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। पॉजिटिव लोगों में से सात के शरीर में वायरस संक्रमण के लक्षण नहीं थे।
सिविल सर्जन डॉक्टर संतलाल वर्मा ने बताया कि शुक्रवार की रात से शनिवार की शाम तक 71 लोगों की रिपोर्ट्स प्राप्त हुई हैं। इनमें 11 की रिपोर्ट्स पॉजिटिव है। COVID-19 पॉजिटिव आए लोगों में एक दैनिक अखबार के दो पत्रकार, दूसरे अखबार के मानव संसाधन विभाग का अधिकारी और एक यू-ट्यूब चैनल का पत्रकार शामिल है। धूपसिंह नगर निवासी पॉजिटिव मिली महिला (बेटे के साथ खानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती) की सास, बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा ईदगाह कॉलोनी निवासी महिला (दिल्ली रोहिणी से लौटी, 27 अप्रैल को पॉजिटिव) के पति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, जबकि पहली रिपोर्ट नेगेटिव थी। इनके अलावा 70 वर्षीय बुजुर्ग और 24 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिला है। ये दोनों पहले से सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में एडमिट हैं।
जिला प्रशासन को सौंपी गई सूची
सिविल सर्जन के मुताबिक पॉजिटिव आए लोगों की सूची जिला प्रशासन और पुलिस को सौंप दी गई है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में एडमिट किया जाएगा। इनके स्वजनों और संपर्क में आए लोगों को स्वास्थ्य जांच के बाद फैसिलिटी क्वारंटाइन में रखा जाएगा।
पहले नेगेटिव, अब पॉजिटिव बड़ा खतरा
धूप सिंह नगर वासी महिला की सास और बेटी का सैंपल पहले नेगेटिव आ चुका है। ईदगाह कॉलोनी वासी महिला के पति की रिपोर्ट भी नेगेटिव थी। शनिवार को इनकी रिपोर्ट्स पॉजिटिव मिलने से संक्रमण का बड़ा खतरा पैदा हो गया है। हैरत की बात यह है कि सामान्य तौर पर इनमें कोरोना वायरस के लक्षण नहीं दिखते थे। स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर सैंपल लिए थे।
- ये भी जानें
- प्रिंट मीडिया के तीन, एक यू-ट्यूब चैनल पत्रकार शामिल
- सेक्टर-11 की युवती भी खानपुर में पॉजिटिव
- किसी में नहीं थे संक्रमण के लक्षण
- धूप सिंह नगर की महिला की सास और बेटी भी संक्रमित
- ईदगाह कॉलोनी की महिला के पति को भी कोरोना वायरस
- सभी मरीजों को खानपुर रेफर किया, एरिया सील, परिवार के सदस्य क्वारंटाइन
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें