Coronavirus Kurukshetra Update : कुरुक्षेत्र में फूटा कोरोना बम, एक दिन में छह लोग पॉजिटिव
कुरुक्षेत्र में कोरेाना बम फूटा है। एक दिन में अब तक सबसे ज्यादा छह लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं अब पॉजिटिव केसों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है।
पानीपत/कुरुक्षेत्र, जेएनएन। कुरुक्षेत्र में कोरोना का बम फूट गया। जिले में छह कोरोना पॉजिटिव मामले मिले हैं। ऐसे में कोरोना पॉजिटिव की संख्या बढ़कर नौ पहुंच गई है। इनमें से तीन स्वस्थ होकर घर चले गए हैं। पंचकूला के एक निजी अस्पताल से कोरोना पॉजिटिव बताई जिस महिला को स्वास्थ्य विभाग ने एक ही दिन में तीन सैंपल नेगेटिव आने के बाद फॉल्स पॉजिटिव केस करार करते हुए छुट्टी दे दी थी, पांच दिन बाद उसे व उसके 15 वर्षीय बेटे को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
जिला प्रशासन ने उस दौरान न्यू लक्ष्मण कालोनी में बनाए कंटेनमेंट जोन को भी हटा लिया था। मगर एक बार फिर कोरोना पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन हरकत में आ गया। सुबह ही महिला व उसके बेटे को कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट करने के लिए स्वास्थ्य विभाग पहुंच गया। मगर महिला ने स्वास्थ्य विभाग से रिपोर्ट मांग ली और घर से बाहर नहीं निकले।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग कोरोना पाजिटिव मरीजों को कोविड-19 अस्पताल शिफ्ट करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। वहीं जिला सिविल सर्जन डॉ. सुखबीर के मुताबिक महिला का कोरोना टैस्ट तीन जगह कराया गया था और नेगेटिव आने के बाद ही गाइड लाइन के मुताबिक उसे घर में क्वारंटाइन किया गया था। वहीं आजाद नगर, सेक्टर-3 में कंटेनमेंट जोन व बफर जोन बनाए गए हैं। जबकि अजराना खुर्द में भी इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एकाएक बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए सांसद नायब सिंह सैनी और थानेसर विधायक सुभाष सुधा ने बैठक कर कोरोना को हराने के लिए रणनीति तैयार की।
न्यू लक्ष्मण कालोनी में दो मामले
न्यू लक्ष्मण कालोनी निवासी महिला शिक्षिका व उसका 15 वर्षीय बेटा भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। महिला को पहले पंचकूला में एक निजी अस्पताल ने कोरोना पॉजिटिव करार दिया था, लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग ने तीन अलग-अलग टेस्ट कराने के बाद रिपोर्ट नेगेटिव पाए जाने पर उसे अगले दिन छुट्टी दे दी थी। इतना ही नहीं कालोनी से कंटेनमेंट जोन को भी हटा दिया गया था। इसके पांच दिन बाद स्वास्थ्य विभाग ने फिर से महिला और उसके परिजनों का सैंपल लिया तो शिक्षिका और उसका 15 वर्षीय बेटा कोरोना पॉजिटिव निकला।
कंटेंनमेंट जोन की इनको सौंपी जिम्मेदारी
लक्ष्मण कालोनी व आजाद नगर कंटेनमेंट जोन के लिए नप कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम में एमई ईश्वर वर्मा व सेक्टर 3 के लिए हुडा कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम के लिए हुडा ईओ सिद्धार्थ को इंचार्ज नियुक्त किया है। यह दोनों अधिकारी जिला सिविल सर्जन का सहयोग करेंगे और इन कंट्रोल रूम की नियमित रूप से रिपोर्ट रोजाना तैयार करने की जिम्मेवारी भी कंट्रोल रूम इंचार्ज की होगी।
18 मई को अहमदाबाद से लौटी थी महिला
आजाद नगर निवासी 58 वर्षीय महिला 18 मई को अहमदाबाद से अपने घर लौटी थी। दरअसल महिला लॉकडाउन से पहले अपने पति के साथ देवर के यहां गई थी। मगर लॉकडाउन होने के बाद वे वहीं फंस गए थे। जब स्पेशल ट्रेन चली तो 18 मई को यह घर वापस आई और अपने पति व पोते के साथ कोरोना का टेस्ट कराया था। जहां महिला का सैंपल पॉजिटिव मिला है। मंगलवार देर रात रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य विभाग ने करीब साढ़े 11 बजे महिला को कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट कर दिया। लक्ष्मण कालोनी में छोटा रेलवे स्टेशन चौक, लक्ष्मण चौक, ताज पैलेस, लक्ष्मण पार्क वाली गली और आजाद नगर में शर्मा डेयरी के कार्नर से मकान नंबर 854, 912 और 1488 तक के क्षेत्र को बफर जोन में शामिल किया है।
गाजियाबाद से आया था गैस चैंबर डालने
सेक्टर 13 और 30 में इन दिनों गैस पाइप लाइन डाली जा रही है। गैस चैंबर डालने के लिए दिल्ली से एक ठेकेदार अपनी लेबर के साथ दो दिन पहले ही कुरुक्षेत्र पहुंचा था। कुरुक्षेत्र में आते ही इनका कोरोना टेस्ट कराया गया और इन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया। रिपोर्ट आने का इंतजार था। रिपोर्ट आने पर इनमें से गाजियाबाद के एक 25 वर्षीय व्यक्ति का कोरोना पॉजिटिव मिला, जिसके बाद उसे मंगलवार रात को ही कोविड-19 अस्पताल में दाखिल करा दिया गया। सेक्टर 3 में मकान नंबर 637 से 647, 776 से 719 तक के क्षेत्र को बफर जोन में शामिल किया गया है।
अजराना खुर्द में दो केस
गांव अजराना खुर्द में दो युवकों को कोरोना पॉजिटिव मिला है। दोनों आंध्रप्रदेश से लौटे थे और 19 मई को इनका सैंपल लिया था। इनमें से एक 25 वर्षीय है और दूसरा 27 वर्षीय। दोनों वहां पर किसी कंपनी में काम करते थे और लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद वहां से अपने घर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें : शराब के ठेके में जिंदा जल गए दो लोग, एक बचा, बाहर से बंद था दरवाजा
यह भी पढ़ें : पानीपत में चार और नए कोरोना वायरस पॉजिटिव केस आए सामने
यह भी पढ़ें : दो पैग से खुली भ्रष्टाचार की पोल, सामने आया फंड अप्रूवल के लिए अधिकारियों का खेल
यह भी पढ़ें : Jind में बढ़ रहे Coronavirus केस, जैजैवंती युवक के बाद गांगोली की महिला भी पॉजिटिव
पानीपत की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें