दूसरे राज्यों और विदेश से आए लोगों से अंबाला में बढ़ रहे कोरोना केस, पांच लोग और पॉजिटिव
अंबाला में कोरोना की रफ्तार तेज हो गई है। शुक्रवार को पांच केस सामने आए। ये सभी देश के दूसरे राज्या और विदेश से अंबाला पहुंचे।
पानीपत/अंबाला, जेएनएन। दूसरों राज्यों और विदेशों से यात्रा करके लौटे पांच लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। सीएमओ डा. कुलदीप सिंह ने बताया कि अंबाला शहर के जंडली, छावनी की खटीक मंडी, नग्गल, बराड़ा और अंबली के हैं। इसमें कुबैत, दिल्ली, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से लौटे हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम संक्रमित मरीज के पते के लिए रवाना हो चुकी है। जो भी पॉजिटिव आए हैं, उन्हें मुलाना में बनाए गए कोविड-19 सेंटर में आइसोलेट करने के लिए एम्बुलेंस भी भेज दिया गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र का दौरा करके कटेंनमेंट जोन बनाने की औपचारिकता पूरी कर रही है।
गुरुवार को सेक्टर दस की महिला मिली थी संक्रमित
गुरुवार को भी शहर के सेक्टर दस की एक महिला कोरेाना पॉजिटिव पायी गई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया और महिला को आइसोलेशन वार्ड मुलाना मेडिकल कालेज मेें भर्ती करवा दिया गया है।
2 जून को बेटे के साथ दिल्ली से आयी थी
जानकारी अनुसार महिला पिछले तीन माह से दिल्ली में थी। लेकिन 2 जून को दिल्ली से वापस लौटी। उसके साथ उसका बेटा भी साथ था। स्वास्थ्य विभाग ने महिला के 2 जून को ही सैंपल ले लिये थे। जिन्हें जांच के लिए लैब में भेज दिया गया था। साथ में महिला को होमक्वारंटाइन कर दिया गया था। बृहस्पतिवार को महिला के रिपोर्ट आयी जिसमें कोरोना पॉजिटिव पायी गई। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने महिला को मुलाना मेडिकल कालेज के आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया है।
बेटे के भी लिये गये सैंपल
स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट पॉॅजिटिव आने के बाद किसी भी तरह की कोई लापरवाही नहीं बरती। महिला के जो भी संपर्क में थे, सभी के टेस्ट लिये गये। इसके साथ महिला के बेटे के भी सैंपल लिये गए हैं। इसके साथ ही महिला की हिस्ट्री जुटानी शुरू कर दी गई है। जिसमें देखा जा रहा है कि उक्त महिला के संपर्क में कौन-कौन आये हैं। ताकि महामारी को आगे बढऩे से रोका जा सके।
75 तक पहुंचा कोरोना का आंकड़ा
भले ही कोरोना महामारी से सभी लोग अवगत हैं, लेकिन इसके बाद भी कोरोना पॉजिटिव का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक 75 लोग कोरोना महामारी की चपेट में आ चुके हैं। हालांकि कई लोग इसमें नेगेटिव आने के बाद डिस्चार्ज भी कर दिये गए हैं। लेकिन रोजाना आ रहे मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ाकर रख दी हैं।
सेक्टर दस में बनाया जाएगा कंटेनमेंट जोन
कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर मौके पर डाक्टरों के साथ पुलिस भी पहुंच गई। जहां महिला के घर पर होमक्वारंटाइन के पोस्टर लगा दिये गए। साथ में एरिया में कोई हलचल न हो इसके लिए कंटेनमेंट जोन बनाया जाएगा। ताकि कोरोना के मामलों पर अंकुश लगाया जा सके।
सेक्टर दस की महिला तीन माह बाद दिल्ली से लौटी थी। परसों उन्हें होमक्वारंटाइन किया गया था। सैंपल लैब भेजा था आज रिपोर्ट आयी है। कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर आइसोलेशन वार्ड मेडिकल कालेज मुलाना भेजा गया है। इसके कॉनटेक्ट तलाशे जा रहे हैं।
डा. कुलदीप सिंह, सीएमओ