यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 15, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिवाली और छठ पूजा में ट्रेन में मिलेगी कंफर्म टिकट, अब 5 मिनट पहले बनेगा दूसरा चार्ट
त्योहार में यात्रियों की भीड़ की वजह से वेटिंग टिकट का झंझट खत्म हो सकता है। यात्रियों को कंफर्म टिकट ...और पढ़ें

अंबाला, जागरण संवाददाता। यात्रियों को कंफर्म टिकट उपलब्ध करवाने के लिए रेलवे ने कवायद तेज कर दी है। रेलवे का जो दूसरा चार्ट पहले 30 मिनट पहले बनता था, अब वो चार्ट 5 मिनट पहले बनेगा ताकि आगामी स्टेशन से ट्रेन में सवार होने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद बढ़ सके। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने आदेश जारी कर दिए हैं।
रेलवे बोर्ड के निदेशक मार्केटिंग-2 संजीव मनोचा द्वारा इस संबंध में 8 सितबर को आदेश जारी किए हैं ताकि रेलवे के साफ्टवेयर में बदलाव हो सके। आदेशों में जानकारी दी गई है कि दूसरा रिजर्वेशन चार्ट 30 से 5 मिनट पहले बनेगा। जबकि 22 मई 2020 को दूसरा चार्ट तैयार करने की समय अवधि 2 घंटे पहले निर्धारित की गई थी और इसके बाद इसके समय में बदलाव की 30 मिनट पहले आरक्षण चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन अब दूसरा चार्ट तैयार ट्रेन के गंतव्य स्टेशन से रवाना होने के 5 मिनट पहले तैयार करने निर्देश दिए गए हैं।
हैंड हेल्ड टर्मिनल मिलने के बाद हुआ बदलाव
अधिकांश ट्रेनों में तैनात टिकट निरीक्षक टीटीइ को हैंड हेल्ड टर्मिनल एसएसटी उपलब्ध करवा दिए गए हैं। इससे उन्हें कागजी आरक्षण चार्ट से मुक्ति मिल गई है। अब वह एचएचटी पर ही रिजर्वेशन चार्ट को देखकर ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की टिकट चैक कर रहे हैं और जो सीट ट्रेन में खाली हैं, उसकी जानकारी भी एचएचटी पर अपडेट की जा रही है जोकि अब सीधा करंट काउंटर पर अपडेट हो रही है। इससे आगामी स्टेशनों से ट्रेन में सवार होने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की उम्मीद बंध गई है।
"अंबाला मंडल में भी लगभग 200 टीटीई को हैंड हेल्ड टर्मिनल उपलब्ध करवा दिए गए हैं। टीटीई को इसका प्रशिक्षण भी दिया गया है ताकि उन्हें कार्य के दौरान किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। अब ट्रेन में खाली सीट की जानकारी तुरंत एचएचटी पर अपडेट हो रही है। इससे कंफर्म टिकट मिलने के चांस बढ़ गए हैं।"
हरि मोहन, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक।
