सीएम मनोहर लाल ने कहा, Haryana में नहीं Coronavirus का कोई केस, बरती जा रही सतर्कता
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को करनाल में आयोजित राज्य पशुधन प्रदर्शनी में पहुंचे। उन्होंने कहा कोरोना वायरस का कोई भी केस अभी तक हरियाणा में नहीं है।
पानीपत/करनाल, जेएनएन। सीएम मनोहर लाल का बयान हरियाणा के लोगों के लिए राहत भरा है। सीएम ने कहा कि हरियाणा में कोरोना वायरस से संक्रमित कोई भी मरीज नहीं है। विदेश से लौटे कुछ व्यक्तियों को निगरानी में जरूर रखा गया है। हालांकि उनमें से किसी में भी इस वायरस का संक्रमण नहीं पाया गया है। उन्होंने कहा, राज्य में हेल्पलाइन डेस्क स्थापित किया है। इसके अलावा जिला स्तर पर भी हेल्पलाइन डेस्क स्थापित किया गया है। सतर्कता से ही इस वायरस को फैलने से रोका जा सकता है। सीएम शुक्रवार को राज्य पशुधन प्रदर्शनी में रैंप शो का शुभारंभ करने पहुंचे थे।
सीएम मनोहर लाल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, कोरोना वायरस को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। राज्य सरकार हर स्तर पर एहतियात बरत रही है। विदेशी नागरिकों को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। वहीं उन्होंने कार्यक्रमों के रद किए जाने पर कहा कि कार्यक्रम की आवश्यकता के अनुरूप निर्णय लिए जा रहे हैं। वहीं पशुधन मेले के आयोजन पर कहा कि ये आयोजन पहले से ही निर्धारित था। इस मेेले में पशु आते हैं। ऐसे में विभाग ने पूरी तरह से सावधानी बरती है।
पशुओं की बीमारी का सफाया
सीएम ने कहा, पशुधन देश की उन्नति का आधार है। ऐसे में राज्य सरकार ने पशुओं के लिए अच्छे बजट का प्रावधान किया है। साथ ही सबसे ज्यादा नई तकनीक अपनाने पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा, पशुओं की बीमारी का भी प्रदेश से सफाया गया है। संयुक्त टीकाकरण से इस पर सफलता हासिल की है।
अधिकारी करा रहे पेपर लीक, बख्शे नहीं जाएंगे
हरियाणा बोर्ड परीक्षा के पेपर लीक मामले ने सीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, खुद अधिकारी ही नकल करा रहे हैं। बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जो भी नकल मामले में दोषी हैं उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, कार्रवाई के लिए अभिभावक से भी मदद आपेक्षित है। अगर कहीं नकल होती है या कोई प्रमाण मिलता है इसकी सूचना संबंधित विभाग या मुख्यालय को जरूर दें।