सीएम मनोहर लाल बोले, हरियाणा की जनता ही मेरा परिवार Panipat News
सीएम मनोहर लाल पानीपत के इसराना विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा।
पानीपत, जेएनएन। सीएम मनोहर लाल ने कहा कि छह महीने पहले ही जनता ने बता दिया था कि किसी सरकार बनेगी। जो दलाल, बिचौलिए और कमिशन एजेंट हैं उनकी दुकानें बंद करवा दी। जो पूर्व सरकार 48 साल में काम नहीं कर पाईं उसे पांच साल में कर दिखाया। जनता ने पांच साल की तुलना पूर्व सरकार से की। सीएम मनोहर लाल पानीपत की इसराना विधानसभा चुनाव के लिए बलाना अनाज मंडी में रैली को संबोधित कर रहे थे।
सीएम मनोहर लाल ने कांग्रेस और पूर्व सीएम हुड्डा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दलालों के कुर्ते पजामा खूंटी पर टंगवा दिया है। हमारा परिवार हरियाणा की जनता है। जबकि पूर्व सरकार के लिए चारदिवारी में रहने वाले रिश्तेदार ही जनता है। उन्हीं का हमेशा भला किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14, 15 और 18 को प्रदेश में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों की नजरों में राजनेताओं की छवि बदली है। पहले लोग राजनेताओं को भ्रष्टाचारी की नजर से देखते थे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों में पहले तीन ज काम करता था। जिला, जाति और झोला देखकर नौकरियां दी जाती थीं। भाजपा की सरकार ने प्रदेश में दो ही ज रखा। एक तो जिला जाति और झोला को जोहड़ में डाल दिया। भाजपा ने मिशन मेरिट लागू किया। दूसरा ज यानी जिद। भाजपा ने मेरिट बेस पर ही नौकरी देने की जिद ठानी है। उन्होंने संबोधन के शुरुआत में इसराना से भाजपा प्रत्याशी कृष्ण लाल पंवार को जनता से समर्थन देने की अपील की। साथ ही इशारों इशारों में दोबारा मंत्री बनाने का वादा भी किया।