राशन वितरण पर सीएम ने पूछा स्टेटस, टोकन में नहीं दर्ज नाम
सीएम मनोहर लाल ने रविवार को विधायकों सहित सात नगर निगमों के मेयर और पार्षदों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राशन वितरण की जानकारी ली।
जागरण संवाददाता, पानीपत : सीएम मनोहर लाल ने रविवार को विधायकों सहित सात नगर निगमों के मेयर और पार्षदों से वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राशन वितरण की जानकारी ली। उन्हें बूथ स्तर पर राशन वितरण संबंधी जानकारी से अवगत कराया। इस दौरान विधायक प्रमोद विज ने राशन वितरण की जानकारी दी। इसमें बताया कि एक व्यक्ति को अगर एक टोकन मिलता है तो उसके पूरे परिवार के सदस्यों के अनुसार राशन मिलना चाहिए। अभी कई जगहों पर लिस्ट अपडेट नहीं है। एक व्यक्ति को पूरे परिवार के लिए पांच किलो राशन दिया जा रहा है। इसकी वजह है कि उस व्यक्ति के पूरे परिवार के सदस्यों का नाम टोकन में नहीं होता। इस पर सीएम ने विस्तृत जानकारी वाट्सएप पर भेजने के लिए कहा। वीसी में मेयर अवनीत कौर व सभी पार्षद मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला, संगठन महासचिव सुरेश भट्ट, सांसद नायब सैनी, सांसद संजय भाटिया ने भी अपने विचार रखे।
जिले में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराएंगे
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि शहर में सबको स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो इस पर गंभीरता से कार्य चल रहा है। सभी पार्षदों को फॉर्म दिया गया है। इसमें उनके वार्ड में काम न करने वाले ट्यूबवेल की जानकारी मांगी गई है। शहर में गर्मी की सीजन में जो वाटर कूलर लगाए गए थे, उनकी रिपेयर के लिए भी इंजीनियर तैनात किए गए हैं। सभी वाटर कूलरों से ठंडा पानी उपलब्ध होगा।
जाटल रोड पर वाटर कूलर का उद्घाटन
जाटल रोड स्थित मुखीजा कॉलोनी में दादा खेड़ा के पास लगे वाटर कूलर का पार्षद बलराम मकौल ने उद्घाटन किया। यह वाटर कूलर विधायक प्रमोद विज ने अपने निजी कोष लगवाया है।