कैथल में घी की फैक्ट्री में सीएम फ्लाइंग की रेड, 2400 लीटर घी बरामद, लिए सैंपल
तैयार किए गए घी के तीन सैंपल लेकर जांच के लिए चंडीगढ़ भेजे। रेड पड़ते ही फरार हुआ फैक्ट्री मालिक और लेबर। फैक्ट्री संचालक के खिलाफ केस होगा दर्ज। अगले दो या तीन दिन में रिपोर्ट आने की संभावना है।
जेएनएन, कैथल : शेरगढ़ रोड स्थित शिव नगर में अवैध रूप से चल रही घी की फैक्ट्री पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने रेड की है। यहां से 2400 लीटर घी बरामद करते हुए सील कर दिया है। टीम ने तैयार घी के तीन सैंपल लिए हैं। सभी को जांच के लिए चंडीगढ़ भेजा जाएगा। अगले दो या तीन दिन में रिपोर्ट आने की संभावना है। वहीं रेड पड़ते ही फैक्ट्री मालिक और लेबर मौके से फरार हो गए। सीएम फ्लाइंग ने मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस को बुलाते हुए गोदाम को सील कर फैक्ट्री संचालक के खिलाफ केस दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम ने इस फैक्ट्री के साथ लगते दूसरे गोदाम में भी रेड की, यहां से भी भारी मात्रा में घी बरामद किया। इस गोदाम में हजारों की संख्या में खाली बोतले भी रखी हुई थी। कालोनीवासियों ने बताया कि दो-ढ़ाई साल पहले ही यहां घी का काम शुरू हुआ था, इससे पहले आटा फैक्ट्री थी। लेबर सुबह करीब आठ बजे फैक्ट्री में आती थी। लेबर के अंदर जाने के बाद फैक्ट्री मालिक ताला लगाकर यहां से चला जाता था। शाम के समय ताला खोलकर लेबर को बाहर निकालने के बाद तैयार किए गए सामान को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाता था।
अलग-अलग पैकिंग में मिले घी के डिब्बे
फैक्ट्री में तैयार किए गए घी के अलग-अलग डिब्बे मिले। इन पर गोपाल घी का मार्का था। आधा किलो, एक किलो, दो किलो और पांच किलो घी की पैकिंग की गई थी। एक मशीन भी यहां रखी हुई थी, जिसमें घी तैयार कर डिब्बों में डाला जाता था। फैक्ट्री में तीन से चार मजदूर काम करते थे। कालोनी वासियों ने बताया की तैयार किया हुआ घी कहां सप्लाई करते थे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। रात के समय यहां से डिब्बों को ले जाया जाता था। कालोनीवासियों का यह भी कहना है कि कुछ समय पहले भी यहां रेड की गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद यहां रेड की गई। इस दौरान 2400 के करीब तैयार किया गया घी को कब्जे में लिया है। फैक्ट्री में न तो मालिक मिला और न ही लेबर। इसलिए यह जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई की फैक्ट्री का संचालक कौन है। घी के डिब्बों की अलग-अलग पैकिंग थी। गोपाल घी का मार्का लगा हुआ मिला। सिविल लाइन थाना पुलिस इस मामले को लेकर जांच कर रही है। जांच के बाद ही सामने आएगा की मार्का असली है या नकली। वहीं फूड सैफ्टी ऑफिसर डा. राजीव शर्मा ने घी के तीन सैंपल लिए हैं। सभी को जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। इसके बाद ही घी की गुणवत्ता के बोर में पता चल पाएगा।
दो दिन पहले मिष्ठान भंडार पर की थी रेड
सीएम फ्लाइंग ने दो दिन पहले ही प्यौदा रोड पर एक मिष्ठान भंडार में रेड करते हुए दूध, रसगुल्ला, गुलाब जामुन, मिलीकेक सहित अन्य प्रकार की मिठाइयों के सात सैंपल लिए थे। यहां से भारी मात्रा में पनीर, मिल्क पाउडर, रसगुल्ला, गुलाब जामुन को कब्जे में लिया था। सैंपलों की रिपोर्ट अभी नहीं आई है। फूड सैफ्टी ऑफिसर डा. राजीव शर्मा ने बताया कि त्योहारों का सीजन शुरू हो गया। खाद्य पदार्थो मेें मिलावट को रोकने के लिए विभाग पूरी तरह से अलर्ट है।