अस्पताल में उमड़ी भीड़, बिना इलाज लौटे मरीज
हफ्ते के पहले दिन सोमवार को सिविल अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ी। सबसे अधिक भीड़ पर्ची काउंटर और फिजिशियन केबिन में रही। हजारों लोग पहुंचे। इनमें से आधे मरीजों को ही उपचार मिल पाया।
जागरण संवाददाता, पानीपत: हफ्ते के पहले दिन सोमवार को सिविल अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ी। सबसे अधिक भीड़ पर्ची काउंटर और फिजिशियन केबिन में रही। हजारों लोग पहुंचे। इनमें से आधे मरीजों को ही उपचार मिल पाया। सुबह से लाइनों में लगे मरीजों को भी बिना उपचार ही लौटना पड़ा।
एक ही दिन में मौसम अपने कई रूप दिखा रहा है। कोहरा, बरसात, सर्द हवाएं और धूप एक ही दिन में देखने को मिल रही है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही ही लोगों को बीमार बना रही है। पल-पल बदलते मौसम की सबसे अधिक मार बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रही है। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को सिविल अस्पताल में दिन निकलते ही मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। आठ बजे तक ओपीडी में मरीजों की लाइन लग चुकी थी। पर्ची काउंटर पर महिला और पुरुष दोनों लाइनों सैकड़ों लोग लगे रहे। सबसे अधिक मरीज सर्दी, खांसी, जुकाम और सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे। फिजिशियन केबिन में मरीजों की लाइन कम होने के बजाय बढ़ती गई। जिस कारण दो बजे तक आधे ही मरीजों को उपचार मिल पाया। दूर-दराज से अस्पताल पहुंचे मरीजों को बिना इलाज ही वापस लौटना पड़ा। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड सेंटर पर भी महिला मरीजों की भीड़ रही। एक-एक मरीज को अल्ट्रासाउंड के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।