विधायक ने आदर्श नगर का दौरा कर पानी निकासी के आदेश दिए
शहरी विधायक प्रमोद विज ने आदर्श नगर का दौरा किया। शनिवार सुबह अधिकारियों के साथ विधायक आदर्श नगर पहुंचे। लोगों से समस्याओं की जानकारी ली।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहरी विधायक प्रमोद विज ने आदर्श नगर का दौरा किया। शनिवार सुबह अधिकारियों के साथ विधायक आदर्श नगर पहुंचे। लोगों से समस्याओं की जानकारी ली। लोगों ने गंदे पानी की निकासी की समस्या रखी। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौका मुआयना किया। आदर्श नगर के साथ वीवर्स कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी नहीं हो रही। इससे कॉलोनी के लोग परेशान है। विधायक ने इस समस्या का स्थायी हल करने के अधिकारियों को आदेश दिए। लोगों ने स्ट्रीट लाइट की समस्या से भी विधायक को अवगत कराया। लॉकडाउन से पहले विधायक ने वीवर्स कॉलोनी का दौरा किया था। गंदे पानी की निकासी के लिए प्रयास भी किया गया था, लेकिन समस्या गंभीर होने के कारण निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पाई थी।
विधायक के साथ मौके पर नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश, अधीक्षण अभियंता महिपाल, एक्सईएन रुपेश कुमार, एसडीओ भूपेंद्र मौजूद रहे। विधायक ने बताया कि पानी की निकासी का स्थायी हल किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।
ढाबा, बेकरी, हलवाई एसोसिएशन ने जताया आभार
ढाबा, बेकरी व हलवाई एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने विधायक प्रमोद विज का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से ही लॉकडाउन में ढाबा, बेकरी व हलवाई की दुकानें पूरे सप्ताह सुबह सात से शाम सात बजे खुलने लगी है। उम्मीद है कि रात को हलवाई की दुकानें नौ बजे तक खोलने की अनुमति मिल जाएगी। विधायक ने कहा कि लॉकडाउन पांच के नियमों का अध्ययन करने के बाद ही वे कोई फैसला लेंगे। व्यापारियों को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। स्वागत करने वालों में ढाबा एसोसिएशन के प्रधान केसी नारंग, तरूण कुमार, गुरप्रीत सिंह, गुरविद्र, रजनीश, प्रमोद आहुजा, अनुराग जैन, पवन गोयल, देवेंद्र छोकरा, संदीप घनखड़, राजेश वर्मा मौजूद रहे।