चंदन स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने किया कमाल
चंदन बाल विकास स्कूल आट्टा में पेड़-पौधे लगाओ और पर्यावरण बचाओ की थीम पर वार्षिकोत्सव मनाया गया।
जागरण संवाददाता, समालखा : चंदन बाल विकास स्कूल आट्टा में 'पेड़-पौधे लगाओ और पर्यावरण बचाओ' की थीम पर वार्षिकोत्सव मनाया गया। मुख्यातिथि कृष्ण चहल व डॉ. पवन कुमार, विशिष्ट अतिथि डॉ. रवि कुमार और राजेन्द्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विभिन्न विषयों से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अतिथियों ने स्कूल परिसर में वृक्षारोपण भी किया। प्रबंधक नरेश कुमार सहित अध्यापकों ने अतिथियों का स्वागत किया। डॉ. श्वेता ने स्वागत भाषण दिया। 10वीं की छात्राओं ने सरस्वती वंदना से समां बांधा। 11वीं छात्राओं ने गणेश वंदना और नृत्य की प्रस्तुति दी। हरजीत कौर की देखरेख में अदिति, मुस्कान, पूरव, विस्टा, रूपांजलि, मानविक, अवनी, चेतन, रीतिका, कृतिका, दीक्षा ने मंच संचालन किया। विद्यार्थियों को योगाभ्यास किया गया। 9वीं की छात्राओं ने मोबाइल के बढ़ते दुष्परिणामों पर विचार रखे। 8वीं के छात्रों ने राष्ट्रीय पशु की घटती संख्या पर अपनी चिता व्यक्त की। कविता गाहल्याण ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। चारों सदनों के विद्यार्थियों ने शिव तांडव, हरियाणवी, पंजाबी गिद्दा व भांगड़ा से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। डेजी सदन व लोटस सदन अव्वल रहे। प्रबंधक नरेश ने सभी का धन्यवाद किया।