Chhath Puja: अद्भुत नजारा, तस्वीरों में देखें छठ महापर्व के प्रति आस्था Panipat News
छठ पर्व के अवसर पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नहर और नदी किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। देखें आस्था के सैलाब की तस्वीरें।
पानीपत, जेएनएन। छठ पर्व के अवसर पर उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नहर और नदी किनारे आस्था का सैलाब देखने को मिला। धुंध के बीच घाटों पर हजारों की संख्या में पूर्वांचलवासी सुबह चार बजे से मौजूद थे। उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ का समापन हुआ।
पानीपत के एनएफएल रजवाहा, असंध रोड नहर, ड्रेन नंबर 2, रिफाइनरी टाउनशिप, काबड़ी रोड और कुटानी गांव में 50 हजार से अधिक बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के परिवारों ने उदयगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
स्मॉग के चलते सूर्यदेव के दर्शन थोड़ी देर में हुए। छठ व्रती ने सुबह 6:48 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे का उपवास खोला। इसके बाद छठ का प्रसाद वितरित किया गया।
उदयगामी सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया 36 घंटे से रखे व्रत का उद्यापन
छठ घाटों पर रविवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ महापर्व का समापन हो गया। कथा सुनने के बाद गंगाजल लेकर की दो-चार बूंद लेकर व्रत खोला। स्मॉग के चलते सुबह 6:48 बजे सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। रजवाहे में पानी में खड़े होकर हजारों लोगों ने दूध, फल, फूल और पान लेकर अर्घ्य अर्पित किया। छठी मैया से परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
असंध रोड नहर, एनएफएल रजवाहे, ड्रेन नंबर एक, कुटानी गांव, काबड़ी रोड और रिफाइनरी टाउनशिप के स्वीमिंग पुल में तड़के तीन बजे से ही व्रती परिवार के साथ रोशनी से जगमगाते छठ घाट पर पहुंचे। रास्ते में छठ गीतों की मधुर ध्वनि से शहर में भक्ति का माहौल दिखाई दिया। रजवाहों पर दोनों तरफ रोशनी से जगमगाते घाट पर व्रतियों ने अर्घ्य का सामान सजाया। व्रती सुहागिनों ने घाट पर मौजूद महिलाओं की मांग में सिंदूर भरा। छठ पर्व करने वाले हल्की ठंड में पानी में खड़े होकर सूर्य की लालिमा निकलने का इंतजार करने लगें। बच्चों ने घाट पर खूब फूलझडिय़ां और पटाखे छोड़े। सबेरा होने पर स्मॉग दिखाई दिया। सूर्यदेव आसामन में दिखाई नहीं दिए। सूर्योदय के निर्धारित समय से पहले ही कुछ परिवारों ने अर्घ्य अर्पित कर दिया। सबसे पहला अर्घ्य दूध से दिया गया। अर्घ्य देने के बाद महिलाओं ने सामूहिक रूप से कथा सुनीं।
छठी मैया के गीतों पर झूमे श्रद्धालु
पूर्वांचल कल्याण समिति की तरफ से एनएफएल रजवाहे पर पंडाल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिल्ली से आए कलाकारों ने छठी मैया का गुणगान किया। पूर्वांचल के हजारों लोगों ने पंडाल में झूमने लगे। पंडाल से प्रधान पीएन सिंह और महासचिव सुमन झा ने घाट पर छठ मनाने आए परिवारों को इस पर्व की बधाई दी। शनिवार को शाम विधायक प्रमोद विज, डॉ. अर्चना गुप्ता और मीनाक्षी गुप्ता बतौर अतिथि इस भक्ति कार्यक्रम में शामिल हुए।
नए घाट पर मनेगा अगला छठ
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि पूर्वांचल वासियों ने मेहनत के बलबूते पानीपत में अपनी पहचान बनाई है। वर्ष 2020 के छठ पर्व से पहले नया घाट बन कर तैयार हो जाएगा। नए घाट पर अगले साल से धूमधाम से छठ मनाएंगे। पूर्वांचल भवन के निर्माण के लिए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखने की बात कही।
ट्रैफिक पुलिस चौकस
असंध रोड नहर और गेाहाना रोड पर यातायात व्यवस्था नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाल रखी थी। फायर ब्रिगेड की गाडिय़ों सहित गोताखोर भी मौके पर मौजूद रहे। ट्रैफिक की समस्या न हो इसके लिए कुछ रुटों को डायवर्ट किया गया। रविवार को स्कूल बंद होने से जाम में राहत रही। रामराज्य संस्था के प्रधान रमेश चौधरी ने बताया कि सफाई व्यवस्था में नगर निगम का पूरा सहयोग रहा।
विधायक पहुंचे अर्घ्य देने
जनहित प्रवासी वेलफेयर मंच की बाबरपुर ड्रेन नंबर 2 पर छठ मनाया गया। ग्रामणीण विधायक महीपाल ढांडा छठ मनाने पहुंचे। फल और पकवान से सजे डाला में जल अर्पित कर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। पूर्वांचल और उत्तर प्रदेश के सैकड़ों परिवारों ने धूमधाम से छठ मनाया।
रिफाइनरी में सजाया स्वीमिंग पुल
रिफाइनरी टाउनशिप में अनेकता में एकता का माहौल छठ पर्व पर देखने को मिला। छठ करने वाले परिवारों के यहां अलग अलग प्रांतों से आए उनके रिश्तेदार और मित्र स्वीमिंग पुल पर मौजूद रहे। दीये की रोशनी से स्वीमिंग पुल जगमगा उठा। अध्र्य देने के बाद स्टॉल लगा कर सभी को प्रसाद बांटा गया। मालूम हो कि यहां सामूहिक प्रसाद बनाने की एक अलग परंपरा है।
कुटानी में खेत में दिया अर्घ्य
कुटानी गांव में किसान हरिवंदर के स्वीमिंग पुल के अतिरिक्त पास में उनके खेत में जल प्रवाह के लिए बनाए गए नाले में भी सैकड़ों परिवारों ने अध्र्य दिया। पंडित विरेंद्र उपाध्याय ने बताया कि छठी मैया मनोकामना पूरी करती हैं।