लुटेरा दूल्हा, युवती से शादी रचा नकदी व जेवरात लेकर हुआ फरार, 7 पर केस दर्ज
यमुनानगर में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवती से शादी रचा कुछ दिनों बाद युवक नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गया। पुलिस ने साजिश में शामिल सात आरोपितों पर केस दर्ज कर लिया है। 24 अप्रैल 2022 को गुरुद्वारा में शादी हुई थी।
यमुनानगर, जागरण संवाददाता। शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र की कालोनी निवासी 25 वर्षीय युवती से रोहित नाम के युवक ने शादी रचाई। कुछ दिन उसके साथ रहा। बाद में उसके जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गया। आरोप है कि आरोपित रोहित के साथ गोबिंदपुरी स्थित ग्रीन पीजी के मालिक दिनेश चंद कौशिक, विक्की मैनेजर, सतीश वाचमैन, पूजा, अंकित व शिवानी भी साजिश में शामिल हैं। फिलहाल पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, 25 वर्षीय युवती की मां गोबिंदपुरी स्थित ग्रीन पीजी में टिफन सप्लाई का कार्य करती थी। इसी दौरान महिला की पीजी के मालिक दिनेश कौशिक, मैनेजर विक्की व वाचमैन सतीश के साथ जान पहचान हो गई। जिसके चलते वाचमैन ने महिला से उसकी बेटी की शादी का प्रस्ताव पीजी में रहने वाले रोहित के साथ रखा। जिस पर वह तैयार हो गई। इस शादी में पीजी का मैनेजर विक्की, मालिक दिनेश चंद, सतीश, अंकित व पूजा भी शामिल हुए।
चेक बाउंस होने का आरोप
24 अप्रैल 2022 को गुरुद्वारा में शादी हो गई थी, लेकिन इस शादी का सर्टिफिकेट नहीं मिला था। इसके बाद से ही रोहित व युवती पति पत्नी के रुप में साथ रहने लगे। छह मई को युवती और रोहित अमृतसर जाने के लिए निकले। इसी बीच उनके पास पूजा व अंकित का काल आया और धमकी देते हुए कहा कि राेहित ने उनके साथ धोखा किया है। जो चेक दिए थे। वह बाउंस हो गए हैं। विवाद बढ़ने पर वह युवती व रोहित दोनों वापस आ गए। यहां वापस आए, तो पीजी के कमरे से सामान व 8500 रुपये नकदी गायब थी।
धोखे से रचाई शादी
आरोपित विक्की, पूजा, सतीश, अंकित आदि रोहित को धमकी देने लगे कि उसने पैसों में हेरफेर किया है। जिस पर रोहित वहां से भाग निकला। बाद में पता लगा कि सभी आरोपित मिले हुए थे। आरोपित रोहित ने उसके साथ धोखाकर शादी रचाई और यहां से उसके पैसे व जेवरात हड़पकर भाग निकला।