चेन स्नेचरों के साथ घसीटती गई महिला, आखिरकार वो भाग ही निकले
मायके आई महिला की चेन झपटी। बाइक से गिरे फिर भागे स्नेचर। घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। मॉडल टाउन पुलिस ने दर्ज किया केस। आरोपितों की तलाश्ा शुरू।
जागरण संवाददाता, पानीपत : शहर में चेन स्नेचिंग की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही। एक महिला ने बहादुरी दिखाते हुए इन्हें पकड़ने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सकी। शांति नगर में पिता से मिलने आई एक महिला की बाइक सवार बदमाशों ने चेन झपट ली। महिला ने बाइक पर बैठे एक युवक की कमीज पकड़ ली। लगभग 10 मीटर तक घिसटते हुए साथ गई। अचानक पकड़ छूटने के कारण नीचे गिरकर चोटिल हो गई। वहीं हड़बड़ाहट में बदमाशों की बाइक पास खड़ी एक कार से जा टकराई। दोनों नीचे गिर गए। लोगों के उन तक पहुंचने से पहले आरोपित दोबारा बाइक पर सवार हुए और बाइक लेकर फरार हो गए। मॉडल टाउन पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
शांति नगर निवासी पीडि़त महिला ऋतु ने बताया कि वह मॉडल टाउन में बच्चों को छोडऩे के लिए घर से निकली थी। बच्चों को स्कूल में छोड़कर वह पिता राजमल से मिलने शांति नगर में उसके पिता के घर पहुंच गई। वहां स्कूटी खड़ी करके नीचे उतर ही रही थी कि बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके गले पर झपट्टा मारा। 20 ग्राम वजनी सोने की चेन तोड़ ली। बाइक दौड़ाने लगे तो एक आरोपित की कमीज उसके हाथ में आ गई थी। वह पकड़ छूटने पर नीचे गिरी तो उसका घुटना चोटिल हो गए।
पकड़ छूटी तो चिल्लाई, शोर मचाने पर भागे आरोपित
चेन स्नेचिंग होने पर महिला चंद सेकेंड तक कुछ समझ नहीं पाई। हालांकि उसने मजबूती से आरोपित की कमीज पकड़ रखी थी। आरोपित को नीचे गिराने का प्रयास किया तो उनकी बाइक भी असंतुलित हो गई। पीछे बैठे आरोपित ने चालक को पकड़ लिया। चालक ने एकाएक स्पीड़ बढ़ाई तो वह नीचे गिर गई। नीचे गिरते ही महिला ने शोर मचा दिया। इससे पहले लोग उन्हें पकड़ते आरोपित बाइक सहित छाबड़ा चौक की ओर फरार हो गए। वहां घबराए आरोपित असंतुलित होकर खड़ी कार से जा टकराए।
महिला की तबीयत थी खराब, बच्चों को लाना था स्कूल से
ऋतु ने बताया कि वह शांति नगर में किराए के मकान में रहती है। पति जेबीटी टीचर है और पिता थर्मल में फौरमेन के पद से रिटायर्ड है। मंगलवार को तबीयत थोड़ी खराब थी। सुबह बच्चों को एमकेके स्कूल में छोडऩे के बाद महिला को दवा लेने के लिए जाना था। इसलिए पिता को दोपहर के समय बच्चों को स्कूल से लाने का मैसेज देने मायके आई थी। एमकेके स्कूल के पास से ही स्नेचर उसका पीछा कर रहे थे।