पानीपत DGFT कार्यालय में CBI की 5 घंटे तक चली तलाशी, रिश्वत लेने के मामले में सहायक निदेशक हेमलता गिरफ्तार
पानीपत के संयुक्त विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) कार्यालय में सीबीआई ने रिश्वतखोरी के मामले में सहायक निदेशक हेमलता को 30 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया।

पानीपत DGFT कार्यालय में CBI की 5 घंटे तक चली तलाशी। फाइल फोटो
HighLights
सीबीआई ने पानीपत डीजीएफटी सहायक निदेशक को पकड़ा।
हेमलता को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया।
कार्यालय और दिल्ली आवास पर सीबीआई की तलाशी जारी।
जागरण संवाददाता, पानीपत। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआइ) ने रिश्वतखोरी के मामले में पानीपत के संयुक्त विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई की। सीबीआइ ने कार्यालय की सहायक निदेशक हेमलता को 30 हजार रुपये की रिश्वत गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी के बाद सीबीआइ की टीम ने रामलाल चौक स्थित डीजीपीएफटी कार्यालय में करीब पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इसके साथ ही दिल्ली स्थित आरोपित के आवास से जुड़े स्थान पर भी जांच जारी रही।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके क्लाइंट की इपीसीजी फाइल में खामियां दूर कर उसे पास कराने के बदले सहायक निदेशक ने रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद सीबीआइ ने 19 अगस्त 2026 को मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
टीम की कार्रवाई पानीपत कार्यालय तक सीमित नहीं
शिकायत की पुष्टि के बाद सीबीआइ ने जाल बिछाया था और उसे पकड़ा। इसके बाद रामलाल चौक स्थित कार्यालय में करीब पांच घंटे तक दस्तावेजों और अन्य रिकार्ड की तलाशी ली गई। टीम की कार्रवाई केवल पानीपत कार्यालय तक सीमित नहीं रही।
आरोपित के दिल्ली स्थित आवास से जुड़े स्थान पर भी जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी रही। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ सकती है।
