चार दिन बाद बहन की शादी, घर में चल रहा था महिला संगीत, तभी आई भाई के मौत की खबर Panipat News
चार दिन बाद बहन की शादी थी और सामान लेने गए भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। कार ने उसकी बाइक का टक्कर मार दी थी।
पानीपत, जेएनएन। एक तरफ बहन की शादी की तैयारी चल रही थी, वहीं अचानक भाई की मौत की खबर से परिवार में गम का पहाड़ टूट पड़ा। बहन की शादी का सामान लेकर लौट रहे नारायणा वासी बाइक सवार को कार ने टक्कर मार दी। हादसे में लड़की के छोटे भाई सतपाल की मौत हो गई, जबकि उसके पीछे बैठा पड़ोसी का 10वीं कक्षा में पढऩे वाला आशु घायल हो गया। हादसा ढोडपुर मोड़ के पास हुआ। है। वे दोनों बाइक पर समालखा से गांव लौट रहे थे।
मृतक के छोटे भाई सुनील ने बताया कि वह छह भाई बहन हैं। दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। उसकी छोटी बहन शीशन की शादी 8 दिसंबर को है। 1 दिसंबर रविवार को ही करनाल के गांव कैमला में उसकी सगाई करके आए थे। सोमवार को घर पर महिला संगीत होने पर परिवार की महिलाओं ने सतपाल को बताशे समेत अन्य सामान लाने के लिए समालखा भेज दिया।
पड़ोसी के साथ गया था
वह पड़ोसी मनोज के लड़के आशु को बाइक पर साथ ले गया। वह दूसरी बाइक पर उनके पीछे आ रहा था। ढोडपुर मोड़ से थोडा सा आगे पहुंचे तो सामने से आ रही एक कार ने सतपाल की बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे में सतपाल और आशु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से गंभीर हालात के चलते रोहतक पीजीआइ रेफर कर दिया। सतपाल को पीजीआई में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुनील ने बताया कि सतपाल अविवाहित था और एक कंपनी में काम करता था।