Ghaziabad से Panipat आई दुल्हन कोरोना पॉजिटिव, पति व देवर सहित 12 को क्वारंटाइन
पानीपत में दो दिन पहले गाजियाबाद से आई दुल्हन कोरोना पॉजिटिव मिली है। पति और देवर सहित 12 लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। कंटेनमेंट प्लान में 800 घर शामिल।
पानीपत, जेएनएन। शहर की पुरेवाल कॉलोनी में 31 मई को गाजियाबाद से आई दुल्हन कोरोना पॉजिटिव मिली है। उसे सोनीपत के खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। नवविवाहिता के पति, देवर और पति के दोस्त सहित 12 लोगों को क्वारंटाइन कर दिया है। वहीं जिले में पॉजिटिव केसों की संख्या (रिफाइनरी के दो केस जोड़कर) 65 हो गई है।
सिविल सर्जन डा. संतलाल वर्मा ने बताया कि पुरेवाल कॉलोनी निवासी युवक की शादी 30 मई को अलवी नगर, गाजियाबाद में हुई। बरात में दुल्हे के साथ उसका एक भाई व एक दोस्त गया था। 31 मई को वह पत्नी को लेकर सीधे सिविल अस्पताल पहुंचा। मंगलवार को रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। दुल्हन को खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बतरा कॉलोनी स्थित पीएचसी की लेडी मेडिकल ऑफिसर(एलएमओ) डा. तनवी गोयल के नेतृत्व में एएनएम सुमन शकुंतला और दो आशा वर्कर कॉलोनी में पहुंची है। पॉजिटिव के पति, देवर, पति के दोस्त सहित दो परिवारों के 12 लोगों को होम क्वारंटाइन में रखा गया है। कंटेनमेंट प्लान पर बुधवार को काम किया जाएगा।
सिविल सर्जन के मुताबिक कोविड-19 से संबंधित 4551 सैंपल लैब भेज चुके हैं। इनमें से 4417 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। मंगलवार को भेजे गए 106 सैंपल सहित 181 की रिपोर्ट आनी है। होम अंडर क्वारंटाइन के तहत 1332 घरों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
बहन को लेने पहुंचे दो भाई, क्वारंटन से इन्कार, लौटे
गाजियाबाद से आयी नवविवाहिता को उसके दो भाई मायके ले जाने के लिए पुरेवाल कॉलोनी पहुंचे। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम घर पहुंची और नवविवाहिता के पॉजिटिव होने और निकट संपर्क में आए सदस्यों को होम क्वारंटाइन करने की बात कही। दोनों भाइयों ने क्वारंटाइन होने से इनकार कर दिया और गाजियाबाद लौट गए।
कंटेनमेंट जोन में 800 घर
अर्बन नोडल अधिकारी डा. मनीष पासी ने बताया कि पुरेवाल कॉलोनी को कंटेनमेंट प्लान बनाया गया है। करीब 800 घरों को प्लान में शामिल किया गया है। इन घरों में करीब 3500 लोग रहते हैं। बुधवार को विभाग की टीम घरों में दस्तक देकर स्क्रीनिंग का काम करेगी। कुछ एरिया को पुलिस की मदद से सील भी कराया जाएगा।
पांच स्वस्थ होकर घर लौटे
जिले में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 65 (रिफाइनरी टाउनशिप में पॉजिटिव आए दो केस सहित) तक पहुंच गया हैं। स्वस्थ होने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को खानपुर मेडिकल कॉलेज से दो बच्चों सहित पांच को डिस्चार्ज किया गया है। इनमें शिवनगर स्थित बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र का एक बच्चा, कंप्यूटर शिक्षिका, स्वीपर सहित शिक्षिका का बेटा और 20 मई को पॉजिटिव मिला वीवर्स कॉलोनी का युवक शामिल है। कुल 51 स्वस्थ हो चुके हैं, नौ एक्टिव केस हैं।
रिफाइनरी केसों पर सीमा विवाद
पुलिस के बीच सीमा विवाद को बहुत बार सुना गया है, कोरोना पॉजिटिव केसों को लेकर दो जिले के चिकित्सकों के बीच टकराव भी होने लगा है। रिफाइनरी टाउनशिप के हिमगिरी गेस्ट हाउस में सोमवार को पॉजिटिव मिले दो सेल्स अधिकारियों को लेकर पानीपत और करनाल में ठनी हुई है। 24 घंटे बाद भी दोनों जिले के अधिकारी इन केसों को अपने खाते में जोडऩे को तैयार नहीं हैं।